ग्रेटर नोएडा। समाजसेवी अन्ना हजारे की जनतंत्र यात्रा शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंची। अन्ना ने प्राधिकरण चौराहे पर तीन सप्ताह से चल रहे किसानों के आंदोलन को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से अपनी शक्ति को पहचानने व एकजुट होकर सत्ता के बजाय व्यवस्था परिवर्तन करने का आह्वान किया। किसानों को पूर्व जनरल वीके सिंह ने भी संबोधित किया। लगभग डेढ़ बजे अन्ना आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए। परीचौक सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अन्ना हजारे का जोरदार स्वागत किया।
किसानों को संबोधित करते हुए अन्ना ने कहा कि देश को आजाद हुए छह दशक से अधिक वक्त बीत गए लेकिन किसानों की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। हमारा देश सदियों से कृषि प्रधान रहा है। किसान खेतों में रात दिन मेहनत कर फसल उगा रहा है लेकिन मलाई सत्ता में बैठे लोग और बिचौलिए खा रहे हैं। प्रतिनिधि देश की जनता चुनती है। चुने गए प्रतिनिधि नौकर होते हैं और जनता मालिक लेकिन मौजूदा मौजूदा वक्त में उल्टा हो रहा है। लोकसभा व विधानसभा में बैठे लोग अपने आप को मालिक समझ रहे हैं।
अन्ना ने कहा कि देश की चाबी जनता के हाथ में है। चुनाव के वक्त जनता उस चाबी का सही प्रयोग भूल जाती है जिसके परिणाम स्वरूप भ्रष्ट और गुंडे जीत कर लोकसभा और विधानसभा में पहुंच जाते हैं। जो देश में बढ़ रहे भ्रष्टाचार का प्रमुख कारण है। आज लोग हार्ट अटैक से मर रहे हैं। उससे अच्छा है देश को भ्रष्टाचारियों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए लड़ते हुए प्राण गवाएं। उन्होंने कहा देश के हर हिस्से में छोटे-छोटे कई संगठन हैं, सभी का उदेश्य एक है लेकिन संगठित न होने के कारण वह अपने उदेश्य में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। जनतंत्र यात्रा के मद्देनजर डेढ साल तक पूरे देश का भ्रमण किया जाएगा। लोगों को संगठित करेंगे जिसका परिणाम आने वाले चुनावों में दिखाई देगा। अन्ना ने कहा कि सितंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में जन संसद का आयोजन किया जाएगा, जहां से देश में व्यवस्था परिवर्तन का शंखनाद होगा। इसमें देश का आम नागरिक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।