दिल्ली: महज 24 घंटों में दो और बच्चियां बनी हैवानियत का शिकार

two-more-rape-cases-registered-in-delhi-by-24-hoursनई दिल्ली। राजधानी दिल्ली हो या कोई और राज्य हर शहर में एक ही आलम है। जहां एक ओर दिल्ली में हजारों लोग पांच साल की गुड़िया के साथ हुई हैवानियत पर आक्रोश जाहिर कर रहे है, वहीं दूसरी ओर रविवार को ही महज चौबीस घंटे में राजधानी में दो और रेप के मामले सामने आ गए। वहीं मुंबई में भी एक लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है।

इसमें एक मामला दिल्ली के भलस्वा डेयरी में रहने वाली 11 साल की बच्ची के साथ रेप का है वहीं, दूसरा मामला समयपुर बादली का है जहां एक आठवीं कक्षा की छात्रा का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्होंने उसको जबरन बीयर पिलाई और रेप किया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

रिक्शा चालक ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार:-

दिल्ली पहला मामला भलस्वा डेयरी इलाके का है। यहां 11 वर्षीय बच्ची श्रद्धानंद कॉलोनी में रहती है। रविवार दोपहर वह घर के पास खेल रही थी। उसी समय पड़ोस में रहने वाला रिक्शा चालक पवन (50) वहां पहुंचा। आरोप है कि वह बच्ची को बहला फुसलाकर अपने कमरे पर ले गया और उसके साथ रेप किया। वहीं, बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो बच्ची ने लोगों को घटना के बारे में बताया।

इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची का जहांगीरपुरी के जगजीवन राम अस्पताल में मेडिकल जांच कराकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अगवा कर किया रेप:-

दूसरा मामला समयपुर बादली थाना अंतर्गत सिरसपुर गांव का है। आठवीं कक्षा में पढ़ रही छात्रा शुक्रवार सुबह करीब दस बजे घर से किसी काम से निकली थी। रास्ते में उसे पड़ोस में रहने वाले विनोद व रिंकू मिले। दोनों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और हेलमेट पहना दिया।

पीड़िता का आरोप है कि दोनों उसे एक सुनसान खेत में ले गए। जहां चाकू का भय दिखाकर उसे बीयर पीने के लिए मजबूर किया। जिसके बाद विनोद ने उसके साथ रेप किया। करीब चार घंटे के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को उसके घर से कुछ दूरी पर एक तालाब के पास झाड़ियों में फेंककर भाग गए।

लोगों ने छात्रा को बेहोशी की हालत में देखा तो उसके परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने उसे रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद जब छात्रा को देर रात होश आया तो उसने आपबीती बताई। पीड़िता की शिकायत पर समयपुर बादली थाना पुलिस ने उसका मेडिकल जांच कराया और रेप की पुष्टि होने पर मामला दर्ज कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार की रात रिंकू को दबोच लिया। जबकि रेप के आरोपी विनोद की तलाश जारी है।

तीन महीने पहले हुआ था रेप

एक अन्य मामले में आरकेपुरम में रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की तीन महीने पहले अपनी मां के साथ संगम विहार गई थी। मां उसे अपनी सहेली के घर छोड़कर खुद सहेली के साथ डॉक्टर को दिखाने के लिए चली गई थी। इस बीच लड़की को घर में अकेला देखकर पड़ोस में रहने वाले गुलशन ने उसके साथ रेप किया। आरोपी ने किसी से कुछ बताने पर लड़की को जान से मारने की धमकी दी।

लड़की ने डर के कारण परिवार के किसी भी सदस्य को रेप की बात नहीं बताई। बाद में जब तबियत बिगड़ने पर लड़की को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था तो डॉक्टरों ने जांच के बाद रेप की पुष्टि की। इसके बाद परिजनों ने शनिवार को संगम विहार थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी गुलशन को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई में गैंगरेप का शिकार बनी लड़की:-

इस मामले में मुंबई भी पीछे नहीं है। मुंबई के मनपाड़ा में एक 19 साल की लड़की के साथ उसके ही ब्वॉयफ्रेंड ने अपने दोस्तों से मिलकर दो दिनों तक गैंगरेप किया। लड़की ने मनपाड़ा पुलिस स्टेशन में बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। लड़की ने बताया कि वो अपने दोस्त रवि निशाद से मिलने गई थी तभी रवि ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लड़की को अगवा किया और गैंगरेप किया।

error: Content is protected !!