नोएडा में गुस्साए मजदूरों ने किया हंगामा, आगजनी और फायरिंग

labours-protest-in-noida-firing नोएडा। सेक्टर उन्तालीस थाना क्षेत्र के सेक्टर बयासी में थ्री सी बिल्डर की साइट पर लाइन तोड़कर अंदर जा रहे मजदूरों व सुरक्षा गार्डो के बीच शनिवार को जमकर संघर्ष हुआ। इसके बाद गुस्साए मजदूरों ने आगजनी की। सुरक्षा गार्डो ने मजदूरों पर फायरिंग की, जिससे तीन मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर के मरने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। आक्रोशित मजदूरों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम भी किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम को खुलवा दिया है। एसपी सिटी के नेतृत्व में विभिन्न थानों के पुलिस मौके पर तैनात है। मजदूरों में आक्रोश बरकरार है।

सेक्टर 82 में थ्री सी बिल्डर के यहां शनिवार को मजदूर अंदर जाने के लिए लाइन लगाकर खड़े थे। कुछ मजदूरों ने लाइन तोड़कर अंदर जाने का प्रयास किया। गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डो रोकने पर उनके बीच मारपीट हुई। आक्रोशित मजूदरों ने सुरक्षा गार्ड व बिल्डर के कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। फर्नीचर व दस्तावेज आग के हवाले कर दिया। तीन गाड़ियां, चार बाइक व दस साइकिल को भी आग के हवाले कर दिया। सुरक्षा गार्डो ने जबाव में फायरिंग की। इसमें दो मजदूरों के गोली लगने की सूचना है। आक्रोशित मजदूरों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस ने किसी मजदूर के मरने की पुष्टि नहीं की है। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर एसपी सिटी व विभिन्न थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। आक्रोशित मजदूर मौके पर जुटे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। साइट के पास स्थित पुलिस चौकी पर ताला लटका है। अगर पुलिस वहां मौजूद होती तो घटना बड़ा रूप नहीं लेती।

error: Content is protected !!