संप्रग सरकार आइसीयू में, कभी भी हो सकते हैं चुनाव

varun gandhiलखनऊ । केंद्र की संप्रग सरकार को हर मोर्चे पर फेल मानते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव वरुण गांधी का कहना है कि संप्रग सरकार आइसीयू (सघन चिकित्सा कक्ष) में है और लोकसभा के चुनाव कभी भी हो सकते हैं। उन्होंने कहा, इस बार वोट की नहीं देश के सम्मान व व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने मायावती व मुलायम पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी कुछ परिवारों की निजी संपत्ति है जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

शनिवार को दीनदयाल स्मृतिका पर संप्रग सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित धरने में मुख्य वक्ता के रूप में वरुण गांधी ने संप्रग सरकार के नौ साल के कार्यकाल की बखिया उधेड़ी। उन्होंने कहा कि पहली बार जनादेश से नहीं बल्कि वामपंथियों के आशीर्वाद से सरकार बनी थी। पहले पांच वर्ष में सरकार ने सिर्फ कर्ज माफ किए जिसके नाम पर गरीबों को लूटा गया। 18 फीसद के कर्ज माफ हुए, शेष छले गए।

दूसरे कार्यकाल में संप्रग सरकार ने भ्रष्टाचार का इतिहास बनाया। सरकार से लोगों का भरोसा उठ गया है। वरुण ने कहा कि सत्ता परिवर्तन नहीं व्यवस्था बदलनी होगी। मायावती आएंगी तो ब्राह्मणों पर लाखों मुकदमे करेंगी। सपा आएगी तो उन्हें हटाकर अन्य पर लगाएगी। गोरखपुर ब्लास्ट के आरोपियों के मामले वापस लेने को वरुण गांधी ने बेहद शर्मनाक बताया।

खतरे में है देश : संप्रग सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि देश खतरे में है। चीन देश में घुस चुका है। भ्रष्टाचार, आंतरिक सुरक्षा, गरीबों के साथ छल व किसान आत्महत्या कर रहे हैं। दीमक की तरह देश को खाया जा रहा है।

error: Content is protected !!