मेदिनीनगर। भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने शनिवार को संप्रग सरकार को चोरों की बरात बताया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन घपले-घोटाले उजागर हो रहे हैं और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौनी बाबा बने बैठे हैं। इस संप्रग सरकार का अगले चुनाव में भाजपा ही बैंड बजाएगी। यशवंत शनिवार को पार्टी के पलामू प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
मालूम हो झारखंड में विधानसभा भंग किए जाने की कसरत शुरू होने के साथ ही भाजपा ने अपने तेवर आक्रामक कर लिए हैं। सम्मेलन में यशवंत ने देश के मौजूदा हालात के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया। कहा कि संप्रग-दो घोटालों का पर्याय बन गया है। इस कड़ी में ताजा नाम रेलमंत्री पवन कुमार बंसल का जुड़ गया। उन्होंने अपने रिश्तेदार के माध्यम रेलवे बोर्ड के सदस्य का पद दो करोड़ में बेचने का काम किया।
इस मामले में अब तक रेल मंत्री की गिरफ्तारी न होना आश्चर्य की बात है। उन्होंने कहा कि टू जी और कोयला घोटालों पर कांग्रेस की भूमिका स्पष्ट उजागर हुई है। सीबीआइ निदेशक के साथ चपरासी की तरह व्यवहार किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य भाजपाईयों ने भी चीनी घुसपैठ, सरबजीत प्रकरण, भारतीय सैनिकों का सिर काटने आदि को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।