लोस चुनाव बाद गिर जाएगी अखिलेश सरकार: बेनी

bany prasad verma फैजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भतीजा बताकर उनके प्रति नरम रुख जताने वाले केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने इस बार उनको भी अपने निशाने पर ले लिया है। कहा, लोकसभा चुनाव के बाद उप्र सरकार अपने-आप गिर जाएगी। साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और सपाध्यक्ष मुलायम सिंह के बीच दोस्ती का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। लोकसभा चुनाव में मुलायम उत्तर प्रदेश में चार सीटों पर सिमट जाएंगे। कांग्रेस 50 से ज्यादा सीटों पर जीतेगी और उसकी लड़ाई बहुजन समाज पार्टी से होगी। एक समारोह में यहां पहुंचे बेनी वर्मा शनिवार को पत्रकारों से मुखातिब थे।

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह की चली होती तो बाबरी मस्जिद 30 अक्टूबर, 1990 को ही शहीद हो जाती। तत्कालीन एसएसपी सुभाष जोशी के कारण यह साजिश सफल नहीं हो सकी थी। मुलायम द्वारा नेहरू और आडवाणी की तुलना किए जाने पर एतराज जताते हुए बेनी ने कहा कि नेहरू जी देश को आजाद कराने के लिए चौदह साल जेल में रहे। आडवाणी ने देश में सदैव सांप्रदायिकता का जहर घोला। उन्होंने नेहरू को अब तक का सबसे बड़ा समाजवादी बताया।

error: Content is protected !!