मध्य प्रदेश में बाढ़ का कहर, नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर

भोपाल।। मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश के चलते अनेक जगहों पर बाढ़ के पानी ने कहर बरपा दिया है। प्रदेश की जीवन रेखा कही जाने वाली नर्मदा ने अनेक जगहों स्थानों पर खतरे के निशान को पार कर लिया है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के सूत्रों के अनुसार होशंगाबाद में सोमवार रात नर्मदा का जल स्तर 969.20 फीट तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 964 से पांच फीट अधिक था। मंगलवार सुबह नर्मदा का जल स्तर घटकर 967.20 तक पहुंच गया था लेकिन तवा नदी से लगातार पानी छोडे जाने के कारण यह जलस्तर दोपहर 12 बजे 968.20 तक पहुंच गया था। जिले में हो रही भारी वर्षा के चलते तवा नदी के 13 गेट आज भी खुले रहे तथा इनसे प्रति सेकेंड चार लाख क्यूसेक पानी छोडा जा रहा है। उधर प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पचमढी का संपर्क मंगलवार को भी देश के अन्य हिस्सों से कटा रहा जिसके चलते हजारों पर्यटक वहां फंसे हुए है। यहां देनवा नदी का पानी पुल से चार फीट ऊपर बह रहा है।

राजधानी भोपाल में भी सोमवार रात से जारी भारी वर्षा के चलते अनेक निचली बस्तियों में पानी भर गया। कमला नगर क्षेत्र में आज सुबह एक बिजली का खंभा झोपडी पर गिर जाने के कारण 2बच्चों सहित 4 व्यक्ति घायल हो गए।

error: Content is protected !!