नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले रैकेट देश भर में सक्रिय हैं। वे भोले-भाले युवकों को नौकरी का झांसा देकर उसने लाखों रुपये ठग रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली में सामने आया है। गिरोह के सदस्यों ने पंजाब के राज्य स्तरीय महिला बाक्सर को बल में नौकरी का झांसा दिया। एक लाख रुपया लेने के बाद ठगों ने पीड़िता को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। जब वह प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद गईं तो उन्हें बल के मुख्यालय सीजीओ काम्पलैक्स भेज दिया गया। वहां फर्जीवाड़े का पता चला।
महिला खिलाड़ी ने ठगी की शिकायत दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़ की रहने वाली शिव कुमारी पंजाब के लिए राच्य स्तर पर खेलती हैं। वह गत दिनों उत्तर प्रदेश में चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के बाद ट्रेन से अपने शहर लौट रही थीं। ट्रेन में उनकी मुलाकात दो लोगों से हुई। उन्होंने खुद को सीआइएसएफ का अधिकारी बता शिव कुमारी को बल में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
ठगों ने अपना मोबाइल नंबर भी पीड़ित को दिया। शिव कुमारी के अनुसार ठगों ने फोन कर मई में उन्हें अपने प्रमाण पत्र के साथ दिल्ली बुलाया। दिल्ली में प्रमाण पत्र लेने पर उन्होंने बताया कि वे जल्द उन्हें नियुक्ति पत्र के लिए सूचित करेंगे। ठगों ने 30 मई को महिला खिलाड़ी को एक लाख रुपये लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बुलाया और रुपये लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। उन्हें बताया गया कि हैदराबाद में उनका प्रशिक्षण होगा। शिव कुमारी प्रशिक्षण के लिए हैदरबाद स्थित ट्रेनिंग सेंटर गईं। नियुक्ति पत्र देखकर उन्हें गेट से लौटा दिया गया। वह सच्चाई की जांच करने बल के मुख्यालय पहुंचीं तो ठगी का पता चला।
ठगों से रहें सावधान :-
सीआइएसएफ के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनंत कुमार सिंह ने कहा कि ठग गिरोह पूरे देश में सक्रिय हैं। विभाग को देश भर में नौकरी के नाम पर ठगी की सात शिकायतें मिल चुकी हैं। इनमें कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। उन्होंने आवेदकों से अगाह किया कि वे ठगों के झांसे में न आएं। भर्ती संबंधी जानकारी के लिए आवेदक बल की आधिकारिक वेबसाइट सहित रोजगार समाचार पत्र इत्यादि का सहारा लें।