सीबीआइ ने खंगालीं जिंदल के आवास की अलमारियां

cbiनई दिल्ली। कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ ने विदेश से लौटे कांग्रेस सांसद व जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के निदेशक नवीन जिंदल के सरकारी आवास की अलमारियों की तलाशी ली। जांच एजेंसी ने 11 जून को जिंदल के 6, पृथ्वीराज रोड़ स्थित आवास पर छापा मारा था, लेकिन कुछ अलमारियों में ताला लगा होने के कारण अपना काम पूरा नहीं कर पाई। उन अलमारियों को नवीन जिंदल ही खोल सकते थे, जो उस समय परिवार सहित देश से बाहर थे।

नवीन जिंदल बृहस्पतिवार रात को ही अपने सरकारी आवास पहुंचे थे। सीबीआइ सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक तलाशी दल उनके घर गया और जिंदल की मौजूदगी में उनकी अलमारियां खंगाली गई। कोयला ब्लॉक हासिल करने के लिए धोखाधड़ी व रिश्वत को लेकर दर्ज प्राथमिकी में पूर्व कोयला राज्यमंत्री डी. नारायण राव के साथ नवीन जिंदल का नाम भी शामिल है। सीबीआइ ने जिंदल से कहा था कि वह जल्द से जल्द भारत लौटकर जांच में सहयोग करें, क्योंकि ये अलमारियां उनके पहुंचने के बाद ही खुल सकती हैं। सीबीआइ द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वर्ष 2008 में जब राव कोयला राज्यमंत्री थे, तब जेएसपीएल और गगन स्पांज आयरन लिमिटेड ने गलत तथ्य पेशकर झारखंड में अमरकोंडा मुर्गाडंगल कोयला ब्लॉक हासिल किया था। गगन स्पांज आयरन लिमिटेड भी जिंदल की ही कंपनी है।

error: Content is protected !!