देश को विभाजित करने वाला नेता नहीं चाहिए: नीतीश

nitishपटना, जागरण ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि देश को आज एक ऐसे नेता की जरूरत है, जो एकजुट करे, विभाजित नहीं। उनके अनुसार हमने पहले से ही अपनी आशंकाओं के बारे में भाजपा को बताया था। हम वैसे व्यक्ति को कतई आगे लाना स्वीकार नहीं कर सकते, जिसकी छवि विभाजनकारी की है। नीतीश, शुक्रवार को एक निजी चैनल से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में एक व्यक्तित्व आधारित वातावरण बना दिया गया है। अब भाजपा में सभी तरह की चर्चा के केंद्र में वही व्यक्तित्व है। भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तो आप इसे व्यक्तित्व आधारित मामला बनाते हैं और उसके बाद यह कहते हैं कि हम इसका विरोध कर रहे हैं। पर क्या लोगों को इसके पीछे छिपे एजेंडे की समझ नहीं है? उनके मुताबिक इस तरह का ध्रुवीकरण नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने हैरत भरे अंदाज में कहा कि ‘गुजरात जैसे विकसित राज्य में हुआ विकास क्या पूरे देश के लिए विकास का माडल कैसे हो सकता है? देश में कई पिछड़े राज्य हैं।’ अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजग के 24 सहयोगियों को उन्होंने एक बिंदु पर राजी किया था। राजग की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को चुनाव से पहले अपने नेता का एलान करना चाहिए था। यह परंपरा भी रही है।

error: Content is protected !!