आइसीआइसीआइ बैंक खाते से उड़ाए डेढ़ करोड़

30_06_2013-hackers30रांची [जासं]। अमेरिका में रह रहे रांची के डॉक्टर मनोज खटोर के खाते से हैकरों ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की राशि उड़ा दी। जांच में पता चला है कि कैलिफोर्निया [अमेरिका] से हैकरों ने रांची स्थित आइसीआइसीआइ बैंक के खाते से रुपये गायब किए हैं।

सिटी डीएसपी पीएन सिंह व आइसीआइसीआइ बैंक के पदाधिकारियों के साथ एंटी हैकिंग विशेषज्ञों ने शनिवार को बैंक की मेन रोड शाखा में गहन पड़ताल शुरू की तो पता चला कि जिस आइपी [इंटरनेट प्रोटोकॉल] पते से एक करोड़, 50 लाख, 55 हजार 315 रुपये स्थानांतरित किए गए हैं, वह कैलिफोर्निया का है। डॉ. मनोज खटोर भी अमेरिका में ही कैलिफोर्निया में कार्डियोलॉजिस्ट हैं और उसी शहर से रुपये भी स्थानांतरित किए गए हैं।

जांच में दो खातों के बारे में जानकारी मिली है, जिसमें यह राशि स्थानांतरित की गई है। एक खाता अमेरिका का ही है, जबकि दूसरा खाता सिंगापुर का। अमेरिका के खाते में दो बार में 72-72 लाख रुपये स्थानांतरित किए गए हैं। यानी कुल एक करोड़ 44 लाख रुपये। इसे हैकर उस खाते से निकाल चुके हैं। वहीं, सिंगापुर के खाते में छह लाख रुपये स्थानांतरित किए गए थे, जिसे बैंक प्रबंधन ने साइबर क्राइम का मामला उजागर होते ही फ्रीज कर दिया है। पूरी राशि पर मिले ब्याज 55 हजार 315 रुपये भी हैकर्स निकाल चुके हैं। पुलिस इस मामले की छानबीन में अब केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद लेगी। इंटरपोल की मदद से हैकर्स को दबोचने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. मनोज खटोर के पिता जगदीश खटोर ने शुक्रवार की रात रांची के लोअर बाजार थाने में साइबर क्राइम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जगदीश को उनके बेटे ने ही रुपये गायब होने की जानकारी दी थी।

error: Content is protected !!