गिरफ्तारी के विरोध में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी विहिप

VHP_rally_539844849चौरासी कोसी यात्रा के लिए अशोक सिंहल, प्रवीण तोगड़िया और विश्व हिन्दू परिषद के अन्य नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद ने सोमवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अशोक सिंघल और प्रवीण तोगडिया समेत कई बड़े संतों और नेताओं को हिरासत में लिया है, जिसके खिलाफ विहिप देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।

विहिप ने 25 अगस्त से लेकर 13 सितम्बर तक चौरासी कोसी परिक्रमा की घोषणा की थी, लेकिन राज्य सरकार ने परिक्रमा पर पाबंदी लगा दी। यात्रा के लिए अयोध्या पहुंचे प्रवीण तोगड़िया को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया है जबकि अशोक सिंहल को लखनऊ हवाई अड्डे पर ही रोक लिया गया है। इस बीच विहिप ने घोषणा की है कि संतों की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को पूरे देश में प्रदर्शन किया जाएगा। विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि संतों और धर्माचार्यों को जगह-जगह से गिरफ्तार किया जा रहा है। संतों की गिरफ्तारी के विरोध में विहिप सोमवार को पूरे देश में प्रदर्शन करेगी। विहिप सूत्रों के अनुसार, विहिप अक्टूबर में अयोध्या कूच करने की बड़ी घोषणा भी कर सकती है। विहिप के नेता इस बात पर विचार कर रहे हैं कि 18 अक्टूबर को पूरे देश से अयोध्या कूच करने का कार्यक्रम बनाया जाए और इस दौरान राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया जाए।

सूत्रों ने बताया कि विहिप नेताओं के अनुसार अक्टूबर का महीना हिन्दू धर्म के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होता है। इसी महीने में दिवाली और दशहरा जैसे महत्वपूर्ण पर्व आते हैं और इसका लाभ विहिप को अयोध्या कूच कार्यक्रम में मिल सकता है। http://visfot.com

error: Content is protected !!