करौली। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि कांग्रेस टाफी चाकलेट की कहानियों से देश को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। किन्तु देश इन कहानियों से नहीं चलता है। नरेन्द्र मोदी भारतवासियों की आशाओं के केन्द्र बन कर उभरे हैं। मोदी के नाम से ही भारत को नीचा दिखाने वालों में भय व्याप्त हो जाता है।
किरण माहेश्वरी धोलपुर लोकसभा क्षेत्र के करौली में एक विशाल मार्ग संचलन का नेतृत्व कर रही थी। संचलन को संबोधित करते हुए किरण नें कहा कि भाजपा नेतृत्व देश के सामने अर्थ नीति, विदेश नीति, रोजगार सृजन, संरचना विकास, महंगाई पर नियंत्रण, भ्रष्टाचार पर अंकुश जैसे विषयों पर अपने विचार रख रहे हैं। वहीं राहुल भैय्या टाफी चाकलेट से ही उपर नहीं उठ पा रहे हैं। कांग्रेस में हताशा इतनी ज्यादा है कि प्रधानमंत्री चुनावों में प्रचार करने के स्थान पर अपना घर बदलने में व्यस्त है।
मार्ग संचलन में हिंडौन विधायक राजकुमारी जाटव, सोजत विधायक संजना आगरी, पूर्व विधायक रोहिणी कुमारी, प्रदेश प्रवक्ता ज्योति किरण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पूर्व किरण माहेश्वरी नें हिण्डौन में मण्डल एवं नगर पदाधिकारियों बैठक में मतदान केन्द्र प्रबंधन पर विशद् चर्चा की। अधिकतम मतदान एवं घर घर में मोदी सरकार बनाने का संदेश पहुंचाने से ही विजय मिलेगी । बैठक में करौली जिला उपाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, व अनिल गोयल, नगर परिषद सभापति गायत्री कोली, मण्डल अध्यक्ष गिरीराज मित्तल, तेजराज सिंह आदि उपस्थित थे।
वैश्य समाज नें किया किरण माहेश्वरी का अभिनंदन
वैश्य सम्मेलन हिण्डौन नें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। किरण नें अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार के कारण देश आज विनाश के कगार पर पहुँच गया है। अभी जाति, पंथ और क्षेत्रियता पर सोचने का समय नहीं है। देश को बचाने के लिए कांग्रेस की विदाई आवश्यक है। कांग्रेस मुक्त भारत के लिए वैश्य समाज अग्रणी भूमिका निभाए। समारोह में समाज के अध्यक्ष ईश्वर चन्द्र फरेरा, व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय मित्तल, युवा मोर्चा के प्रभारी अमित गोयल, सहप्रभारी विनोद अग्रवाल, ललित शर्मा, नगरपरि।षद के उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित थे।