स्व. भैरोंसिंह शेखावत कठोर परिश्रमी होने के साथ कुशल प्रशासक भी थे -विधानसभा अध्यक्ष
जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा है कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत उदारवादी चिंतक होने के साथ विशाल हृदय के धनी थे। उन्होंने कहा कि वे कठोर परिश्रमी एवं कुशल प्रशासक भी थे। उन्होने अपने व्यवहारिक ज्ञान से देश एवं विदेश में अपनी पहचान बनायी।
मेघवाल बुधवार को यहां पिंकसिटी प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकार सत्य पारीक द्वारा लिखित पुस्तक उदारवादी चिंतक धरती पुत्र भैरोंसिंह शेखावत की चिंतन गाथा का लोकार्पण समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत राजनैतिक कौशल के ज्ञाता होने के साथ प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे तथा गरीब को गणेश मानकर कार्य किया तथा प्रदेश में अन्त्योदय अन्न योजना का श्रीगणेश किया जिसकी देश में प्रशंसा हुई। उन्होंने सामाजिक बुराईयों को दूर करवाने के लिए आगे आकर कार्य किया तथा अपने कठोर परिश्रम से हिन्दी एवं अंग्रेजी में कौशल प्राप्त किया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
समारोह में न्यायमूर्ति विनोद शंकर दवे ने कहा कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत गरीबों एवं किसानों के दु:ख दर्द को समझते थे तथा उनके उत्थान के लिए सदैव चिन्तनशील रहते थे। उन्होंने कहा कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत मुख्यमंत्री रहते हुए ला कमीशन के गठन का प्रयास किया।
इस अवसर पर विधायक नरपत सिंह राजवी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्व. भैरोंसिंह शेखावत ने जल प्रबन्धन, विद्युत उत्पादन, वित्तीय प्रबन्धन के साथ खेती में उन्नयन के विशेष प्रयास किये। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश के हितों का सदैव ध्यान रखा तथा राजनैतिक जीवन में कभी कटुता नहीं आने दी तथा अपनी विचार धारा से समझौता नहीं किया। पूर्व मुख्य सचिव एम.एल. मेहता ने कहा कि मैंने स्व. भैरोंसिंह शेखावत के साथ लम्बे समय तक कार्य किया तथा वे उदारवादी चिंतक होने के साथ-साथ पद से हटकर व्यवहार करते थे तथा सार्वजनिक जीवन को सर्वोपरि रखते थे।
इस अवसर पर समाचार जगत के प्रधान सम्पादक राजेन्द्र गोधा ने कहा कि हमें स्व. भैरोंसिंह शेखावत के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाचार पत्रों के कार्यालयों को भूमि आवंटन की नीति उनके कार्यकाल में बनी। पुस्तक के लेखक सत्य पारीक ने कहा कि स्व. भैरोंसिंह शेखावत दूरदर्शी होने के साथ उदार चिंतक भी थे। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब स्व. भैरोंसिंह शेखावत की देन है तथा उन्होंने पत्रकारों के हितों के लिए सदैव कार्य किया।।
http://news4rajasthan.com/