जयपुर, 13 मई। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती अनिता भदेल ने बुधवार को राजकीय जयपुरिया अस्पताल, जयपुर में अपराजिता: ‘वन स्टॉप क्राइसिस मैनेजमेंट सेंंटर फॉर वीमेन का निरीक्षण किया और इसके हैल्पलाइन नंबरों के अधिकाधिक प्रचार पर जोर दिया।
महिला एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत आने वाले इस केंद्र के निरीक्षण के दौरान श्रीमती भदेल को केन्द्र के नोडल अधिकारी डॉ. जगदीश प्रसाद ने उन्हें केन्द्र के संचालन एवं कार्य प्रणाली के संबंध मेें विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने केन्द्र पर उपस्थित समस्त स्टाफ से उनके कार्य से संबंधित जानकारी ली और केन्द्र पर संधारित किए जाने वाले रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। गौरतलब है कि केन्द्र पर अब तक 1104 केस आ चुके हैं। उन्होंने जयपुरिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ.वी.डी. शर्मा को अपराजिता केन्द्र को हर सम्भव सहयोग करने के निर्देश दिए।
श्रीमती भदेल ने कहा कि केन्द्र पर हिंसा अथवा उत्पीडन की शिकार महिलाओं को एक छत के नीचे चिकित्सा, पुलिस, विधिक सहायता, परामर्श सेवाएं, अस्थायी आश्रय आदि निशुल्क उपलब्ध करवाये जाते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी उत्पीडित महिला केन्द्र के हैल्पलाइन नम्बर 0141-2553763 या 2553764 पर सम्पर्क कर अपनी समस्या दर्ज करवा सकती हैं। उन्होंने हैल्पलाइन को अधिकाधिक प्रचारित करने पर जोर दिया एवं राज्य में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र को भी अपराजिता केन्द्र की तर्ज पर सुदढ़ बनाए जाने की मंशा जताई।
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ने अपराजिता केन्द्र की कार्यप्रणाली एवं केन्द्र के द्वारा उत्पीडि़त महिलाओं के लिए की जाने वाली हर सम्भव सहायता एवं प्रयास के प्रति संतोष व्यक्त किया तथा केन्द्र को महिलाओं की सहायता के लिए रोल मॉडल सेंटर बताया। उन्होंने कहा कि अपराजिता भारत का पहला ऐसा सेंटर है, जो 24 घन्टे महिलाओं की सहायता एवं सहयोग के लिए तत्पर रहता है।