– पश्चिम राजस्थान खेल लेखक संघ एवं रंगीला फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान् में खेल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
– हिंमाशु किराड़ू को ‘राज्य स्तरीय रंगीला अवार्ड’,
बीकानेर, 28 अगस्त। खेल दिवस की पूर्व संध्या पर पश्चिम राजस्थान खेल लेखक संघ एवं रंगीला फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान् में रविवार को अजित फाउण्डेशन सभागार में खेल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एशियन पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पावर लिफ्टर हिमांशु किराड़ू को ‘राज्य स्तरीय रंगीला अवार्ड’ प्रदान किया गया। वहीं क्रिकेटर मधुर खत्री को सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी, साइक्लिस्ट गिरिराज रंगा को सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ खिलाड़ी, अनिल जोशी को सर्वश्रेष्ठ खेल प्रशिक्षक, जिला बैडमिंटन संघ को सर्वश्रेष्ठ खेल संस्था तथा विमल छंगाणी को सर्वश्रेष्ठ खेल पत्रकार के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवा योग प्रशिक्षकों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने युवा योग प्रशिक्षक पूर्णिमा आचार्य, प्रिया व्यास, सुमन तंवर, पंकज तंवर तथा पीयूष स्वामी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान शतरंज संघ के एस. एल. हर्ष ने कहा कि बीकानेर के अनेक खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे खिलाड़ियों को सम्मानित करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां भी खेलों में अपना परचम लहरा रही हैं। ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर पी. वी. सिंधू और साक्षी मलिक ने इस बात को सिद्ध किया है।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य ने कहा कि खेल लेखक एवं समीक्षक स्वर्गीय झंवर लाल व्यास ‘रंगीला’ की स्मृति में राज्य स्तरीय अवार्ड देना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उनका समूचा जीवन खेलों को समर्पित रहा। हमें उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विविध खेलों की प्रतिभाओं को सम्मानित करना एक स्वस्थ परम्परा है तथा संस्था द्वारा लगातार 24 वर्षों से इस परम्परा का निर्वहन किया गया है।
इससे पहले अतिथियों ने ध्यान चंद और झंवर लाल व्यास ‘रंगीला’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया। पश्चिम राजस्थान खेल लेखक संघ के अध्यक्ष मनोज व्यास ने अतिथियों संघ की गतिविधियों तथा रंगीला अवार्ड से अब तक सम्मानित प्रतिभाओं के बारे में बताया। रंगीला फाउण्डेशन के अध्यक्ष एडवोकेट बसंत आचार्य ने कहा कि रंगीला की स्मृति में प्रतिवर्ष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार वर्षपर्यंंत अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।
रंगीला फाउण्डेशन के कोषाध्यक्ष एडवोकेट जुगल व्यास ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ खेल लेखक आत्माराम भाटी ने सम्मानित प्रतिभाओं का परिचय दिया। इस अवसर पर दुर्गाशंकर आचार्य, मनीष जोशी, पूर्व मिस्टर डेजर्ट राजेन्द्र व्यास, अश्विनी व्यास, हरि शंकर आचार्य, किशन व्यास, पवन व्यास, मुकेश पुरोहित, डाॅ. अनंत जोशी, वरिष्ठ साइक्लिंग कोच ललित कुमार छंगाणी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
— मोहन थानवी