साक्षरता व स्वच्छता पखवाड़े के तहत संवाद व चेतना रैली का आयोजन
बीकानेर। बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति व जन शिक्षण संस्थान,बीकानेर के सह आयोजन में अन्तरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस व स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सांसद आदर्श ग्राम तोलियासर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। इसी श्रृंखला में अटल सेवा केन्द्र,ग्राम पंचायत में ग्रामीण जनों के साथ आयोजित साक्षरता चेतना संवाद कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान,बीकानेर की अध्यक्ष डॉ विभा बसंल ने कहा कि शिक्षा के विकास से परिवार,समाज व देश का विकास होगा, उन्होनें शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि जहां शिक्षा का महत्व बढ़ा है वहां लोगों में निर्णय लेने की क्षमता का कौशल भी बढ़ा है। डॉ. बंसल ने कहा कि हम सभी शिक्षित लोगों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि अपने अपने परिवार के निरक्षर सदस्यों को साक्षर करने का संकल्प ले और एक लक्ष्य बनाकर तय समय में उन्हें साक्षर करने का मुकाम हासिल करेें। शिक्षा ही जीवन में विकास की राह प्रशस्त करती है। उन्होंने हाथ के कौशल प्रशिक्षण सीखने पर बल देते हुऐ इस कौशल विकास से जहां आपके परिवार में आय के स्त्रोत बढ़ेंगे वहां आपकी सार्थक भूमिका से परिवार में एक पहचान बनेगी व आपके जीवन स्तर में सुधार होगा।
इस अवसर पर बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति बीकानेर के मानद् सचिव डॉ. ओम कुवेरा ने कहा कि माना कि निरक्षर ग्रामीण महिला पुरूषों को अक्षर ज्ञान नहीं है लेकिन उनके जिन्दगी के महती अनुभवों से वे कृषि,पशुपालन,भवन ,डेयरी व अन्य काम बहुत ही समझ के साथ कर सकते है। आज साक्षरता के साथ स्वरोजगार से जुडऩे की बात समय की मांग है। डॉ. कुवेरा ने कहा कि अब साक्षरता का अर्थ समय के साथ बदल रहा है,अब कम्प्यूटर शिक्षा के तकनीकी ज्ञान व मोबाईल नेटवर्किंग से आम लोग जुडऩे लगे है। इसका अर्थ यह है कि अब समय के साथ जिनको जितना अधिक ज्ञान नई सूचनाओं का होगा,वो अधिक शक्तिशाली बनेगा। अत: ज्ञान को सीखना व समय के साथ अपने को ढालना बहुत जरुरी है। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान बीकानेर के वाईस चैयरमेन अविनाश भार्गव ने विश्व साक्षरता दिवस की अवधारणा व उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। भार्गव ने कहा कि यदि समाज का सर्वागीण विकास करना है तो हमें महिला साक्षरता को अधिकाधिक महत्व देना होगा। उन्होनें शिक्षा,स्वास्थ्य व रोजगार के आयामों पर बल देते हुऐ उपस्थित जन समुदाय को कहा कि आप इससे जुड़ी ग्रामीण योजनाओं का लाभ उठावें। तोलियासर ग्राम पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश ने कहा कि इस कार्यक्रम से गांव में जन चेतना विकसित हुई है,मेरा सभी ग्रामवासियों से आग्रह है कि वे साक्षरता व कौशल विकास,स्वच्छ भारत के अन्तर्गत ग्राम,मोहल्ले व परिवार में इनके बारे में अधिक जानकारी देकर अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाऐ। संवाद कार्यक्रम में पूर्व में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी आनंद पुरोहित ने दो दिन के कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें प्रथम स्थान पूजा राजपुरोहित, द्वितीय स्थान रवीना राजपुरोहित, तृतीय स्थान चंद्रकांता, तथा सात्वना स्थान पर सावित्री,दामिनी, जानकी व पूजा नाई रही,जिन्हे मुख्य अतिथियों के कर कमलों से प्रतीक चिन्ह से नवाजा गया। तोलियासर गांव के मंदिर परिसर में संस्थान की प्रदर्शनी कम सेल का आयोजन किया गया,जिसमें गांव वासियों तैयार उत्पाद का अवलोकन किया और अपने पसंद की चीजे खरीदी। स्वच्छता पर स्कूली बच्चों के साथ संवाद व चेतना रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आदर्श सी.सैकेण्डरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक गजानंद सेवग, व्याख्यता घीसाराम, ग्राम पंचायत के भैरुसिंह राजपुरोहित, संस्थान के कार्यालय सहायक तलत रियाज, श्रीमती सीता देवी प्रजापत,श्रीमती कृष्णा मदान,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मैना देवी, श्रीमती प्रेमा देवी की सक्रिय भागीदारी रही। आगुन्तकों के प्रति आभार व्यक्त संस्थान के सहायक कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने व्यक्त किया।
अविनाश भार्गव