बीकानेर 10 सितम्बर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवम् राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर में शनिवार को जिला मुख्यालय, तालुका विधिक सेवा समिति लूणकरनसर, कोलायत, खाजूवाला, नोखा श्रीडूंगरगढ़़ पर राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरणों की राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में न्यायाधीशों ने उपस्थित पक्षकारों के प्रकरणों को सुना तथा उनका निस्तारण कियां। उन्होंने उपस्थितजनों को लोक अदालत के महत्व को बताया तथा अधिकाधिक प्रकरणों को राजीनामें से निस्तारित करने का आग्रह किया।
बीकानेर जिला मुख्यालय पर आयोजित लोक अदालत के प्रभारी अधिकारी व न्यायाधीश अनुसचित जाति, जन जाति न्यायालय, सुशील कुमार जैन ने कहा कि वर्तमान समय में वैकल्पिक विवाद निस्तारण का एक महत्वपूर्ण माध्यम लोक अदालत है। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को बिना किसी खर्चे के त्वरित न्याय मिलता है एवं आपसी भाईचारे को बढावा मिलता है। प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव राम अवतार सोनी ने लोक अदालत बैंचों के सभी सदस्यों, अधिवक्तागण, पक्षकारों, कर्मचारियों को इस लोक अदालत के आयोजन में सकारात्मक भूमिका अदा करने के लिये धन्यवाद ज्ञापित किया।
विधिक चेतना के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं
बीकानेर, 10 सितम्बर। आम लोगों में विधिक जानकारी प्रदान करने के लिए विधिक सेवा दिवस 8 व 9 नवम्बर के उपलक्ष्य में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बीकानेर जिले में 8 अक्टूबर 2016 तक शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कक्षा नौ से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
जिला विधिक प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव रामअवतार सोनी ने बताया कि शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के सहयोग से विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता एवं खेल की भावना का विकास करने के उद्ेश्य से पोस्टर-पेंन्टिग, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता एवं खेल प्रतियोगिता करवाई जायेगी। इस अवधि में स्कूल, ब्लाक, जिला, संभाव एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों में आयोजित की जायेंगी। खेल प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कैरमबोर्ड, लम्बी कूद उंची कूद, शतरंज तथा रिंगबॉल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।
.. मोहन थानवी