नई पाइप लाइन डलने से न केवल दूषित जल से मुक्ति मिलेगी, बल्कि प्रतिदिन एक लाख लीटर पेयजल की भी हो सकेगी बचत।
क्षेत्र के 15 हजार से ज्यादा लोग होंगे लाभान्वित
जयपुर, 28 सितम्बर। मालवीय नगर क्षेत्र में सेक्टर-2 से झालाना गांव के उच्च जलाशय तक 300 एमएम की पाइप की एसी राइजिंग लाइन को डीआई पाइप लाइन में बदलने के कार्य का शिलान्यास बुधवार को तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री कालीचरण सराफ, जयपुर सांसद श्री रामचरण बोहरा और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा ने किया।
अधिशाषी अभियंता श्री रामरतन डोई ने बताया कि मालवीय नगर के सेक्टर-2 में पम्प हाउस से झालाना गांव तक वर्तमान में 300 एमएम व्यास की लगभग 1500 मीटर एसी प्रेशर पाइप लाइन डली हुई थी, जो काफी पुरानी होने के कारण जगह-जगह से जीर्ण-षीर्ण हो चुकी है। इसके प्रतिदिन एक लाख लीटर प्रतिदिन जल लीकेज मंे निकल जाता है और दूषित जल की भी आशंका बनी रहती है।
श्री डोई ने बताया कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जलदाय विभाग ने पुरानी एसी पाइप लाइन को बदलकर डीआई पाइप लाइन बिछाने के कार्य के लिए 92.56 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी है। इसके अन्तर्गत लगभग 1500 मीटर डीआई पाइप लाइन डालकर लगभग एक लाख लीटर जल प्रतिदिन की बचत सम्भव हो सकेगी। इससे पुरानी पाइप लाइन टूटने के चलते पेयजल व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी तथा नियमित पेयजल व्यवस्था भी सुचारू बनी रह सकेगी।
उल्लेखनीय है कि जलदाय विभाग ने हाल ही झालाना एवं बाईजी की कोठी क्षेत्र में प्रदूषित पाइप लाइनों को लगभग 2250 मीटर 100 एमएम डीआई पाइप लाइन बदलकर उपभोक्ताओं को लाभांवित किया गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के अलावा विभागीय अधिकारी कर्मचारी और भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित था।