दीपावली पर करेंगे चीनी वस्तुओं का बहिष्कार

ग्यारह संस्थाओं के सहयोग से चलाया जाएगा महाभियान, आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

bikaner samacharबीकानेर, 11 अक्टूबर। शहर की ग्यारह सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाएं दीपावली के अवसर पर चाइनीज वस्तुओं के बहिष्कार का महाभियान चलाएंगी। इस दौरान चाइनीज वस्तुओं की होली जलाने, घर-घर संपर्क करने, नुक्कड़ नाटक, हाॅर्डिंग्स, बैनर एवं पेम्पलेट्स के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसकी शुरूआत 13 अक्टूबर को होगी।

इस संबंध में मंगलवार को व्यास पार्क में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अखंड भारत मोर्चा, देशप्रेमी क्रांतिवीर युवा संगठन, राष्ट्रीय गाय आंदोलन, टाइगर यूथ क्लब संस्थान, सेवर्स स्क्वाॅयर, वंदेमातरम् मंच, बेसिक पी.जी. महाविद्यालय, विक्टोरियस सीनियर सैकण्डरी स्कूल, गोपेश्वर विद्यापीठ, स्वानंद लघु कुटीर उद्योग तथा वीर दल के पदाधिकारी मौजूद थे।

अखंड भारत मोर्चा के भीष्म शर्मा ने कहा कि एक ओर चीन, अपने देश में बने उत्पाद धड़ल्ले से भारत में बेच रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान की मदद कर रहा है। चीन की इस कुनीति से आमजन को जागरूक करने के लिए अगले पंद्रह दिनों में घर-घर संपर्क किया जाएगा। देशप्रेमी क्रांतिवीर युवा संगठन के गोरधन सारस्वत ने कहा कि चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करके, चीन को आइना दिखाया जा सकता है।

टाइगर यूथ क्लब संस्थान के महेश बिस्सा ने कहा कि पिछले कुछ दशकों से चीनी आइटम, धड़ल्ले से बिक रहे हैं। इससे हमारे अनेक लघु एवं कुटीर उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। महाभियान के दौरान चीन में निर्मित इलेक्ट्राॅनिक एवं सजावटी लाइटों का बहिष्कार करते हुए मिट्टी के दीपक जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। गोपेश्वर विद्यापीठ के गिरिराज खैरिवाल ने बताया कि 13 से 18 अक्टूबर तक विभिन्न स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को इस विषय पर बातचीत की जाएगी तथा विद्यार्थियों को पम्पलेट्स बांटे जाएंगे।

निकाली जाएंगी रैलियां

महाभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से रैलियां निकालने, विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार की शपथ लेने तथा प्रतियोगिताओं के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा। दुकानदारों को चीन में बने सामान नहीं बेचने तथा दुकानों में ‘चीनी उत्पाद नहीं मिलते हैं’ संबंधी बैनर लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभिन्न व्यापारिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों एवं संस्थानों के सहयोग से हाॅर्डिंग्स एवं बैनर आदि लगाए जाएंगे।

error: Content is protected !!