मेडिकल कॉलेज में नायाब आतिशबाजी

*जयश्री राम के नारों के साथ रावण के पुतले का दहन*

20161011_184515बीकानेर, 11 अक्टूबर। बीकानेर में डा करणीसिंह सटेडियम सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर दशहरा उत्सव में रावण के बड़ बड़े पुतलों का दहन किया गया। बीकानेर दशहरा कमेटी व श्रीराम लक्ष्मण दशहरा कमेटी द्वारा शहर में शोभायात्राएं निकाली गई।
जयश्री राम के नारों व नायाब आतिशबाजी के साथ मंगलवार को राम लक्ष्मण दहशहरा कमेटी की ओर से लगातार 13वें वर्ष मेडिकल कालेज मैदान पर आयोजित उत्सव में रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों तथा लंका का दहन किया गया।

मुख्य अतिथि केन्द्रीय वित एवं कंपनी मामलात राज्यमंत्री अर्जुन राम, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, महापौर नारायण चौपड़ा, पूर्व महापौर भवानी शंकर शर्मा, मकसूद अहमद, जनार्दन कल्ला, समाज सेवी शंकर लाल हर्ष, नगर निगम आयुक्त आर.के.जायसवाल रिमोट के जरिए पुतलों का दहन करवाया। समारोह स्थल पर विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी का जन्म दिन केक काटकर मनाया गया ।

आसमानी असरफियां, रंग बिरंगी आतिशी चक्रियों, आतिशी झरनों, आतिशी बिजली की गड़गड़ाहट के साथ आयोजित उत्सव के दौरान हर बेहतरीन आतिशबाजी पर उपस्थित लोग करतल ध्वनि कर आनंद उठाते थे। रावण के दो मुंह वाले 85 फीट के रावण ने मुंह से आतिशी अंगारे निकालने के बाद ध्वस्त हुआ।

पवनपुरी के राम लक्ष्मण भवन से दो दर्जन सचेतन झांकियां निकाली गई। झांकियां शहर के बाहरी इलाकों से होते हुए उत्सव स्थल पर पहुंची। वहां प्रतीक रूप् में राम-रावण की सेना के बीच युद्ध हुआ। झांकियों में भगवान गणेश, राम दरबार, विष्णु लक्ष्मी, लव कुश, वनवासी राम, महर्षि वाल्मीकि आश्रम, लंका में सीता, शिव पार्वती, बाबा रामदेव, रावण दरबार आदि की झांकियां प्रमुख थी। झांकियों में आगे डीजे व तीन बैंड पार्टियां भक्ति गीतों को बजाते हुए चल रही थी। घोड़ों पर भगवान राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुधन की तथा ऊंटों पर राक्षसी सेना थी। पैदल हनुमान के साथ उनकी वानर सेना तथा राक्षसी फौज बच्चों के लिए कौतुहल का विषय बनी थी।

श्रीराम लक्ष्मण दशहरा कमेटी की ओर से बीकानेर में पहली बार 1956 में दशहरा उत्सव में भागीदारी निभाने वाले समाज सेवी स्वर्गीय द्वारका प्रसाद पुरोहित को ’’समाज रत्न अवार्ड’’ से सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत श्री रामलक्ष्मण दशहरा कमेटी के महासचिव सुभाष भोला, पंजाबी महासभा के अध्यक्ष नरेश चुग, भगवान दास चांदना, गौत्तमलाल खिवाणी, श्रीराम अरोड़ा, गिरीश चन्द्र खत्री, राजेश मुंजाल आदि ने किया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा व सुश्री पुष्पा शर्मा ने किया। जिला व पुलिस प्रशासन ने उत्सव स्थल पर शांति एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल पर तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवानंद के अनुसार करीब 25 हजार लोगों ने उत्सव निभाई।

error: Content is protected !!