जन-जन का अभियान बना चाइनीज सामान बहिष्कार का महाभियान

img-20161018-wa0013बीकानेर, 18 अक्टूबर। दीपावली के अवसर पर चाइनीज वस्तुओं के बहिष्कार का महाभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। युवा, वृद्ध एवं महिलाएं बढ़-चढ़कर चीनी वस्तुओं के बहिष्कार की शपथ ले रहे हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।
शहर की ग्यारह संस्थाओं के सहयोग से चल रहे अभियान से नित नई संस्थाएं जुड़ रही हैं। मंगलवार को कृषि महाविद्यालय के छात्रों एवं महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने चाइनीज वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प लिया। एसकेआरयू में आयोजित समारोह में दयाशंकर मीणा ने चाइनीज वस्तुओं के उपयोग से होने वाले आर्थिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महाभियान के सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं तथा चीनी सामान का विक्रय तीस प्रतिशत तक कम हो चुका है।
इस अवसर पर आनंद मीना, जितेन्द्र सिंह, मुकेश महला, मुकेश शर्मा, अशोक तथा विमल नागर सहित अन्य छात्र मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में दीपावली के अवसर पर चाइनीज वस्तुएं नहीं खरीदने का प्रण किया।
इसी प्रकार महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष प्रेरणा पारीक के नेतृत्व में संपर्क अभियान चलाया गया। पारीक ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में महिलाओं एवं छात्राओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहेगी। छात्राएं इसे समझते हुए, अपनी सार्थक भूमिका निभाएं। इस दीपावली घरों में मिट्टी के दीपक जलाएं तथा चाइनीज इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का बायकाट करें।
इस दौरान शिवांगी पारीक, तमन्ना, वंदना पारीक, खुशाली सांखला, मोनिका पुरोहित, उपाध्यक्ष सीमा राजपुरोहित, सचिव अफरोज कुरैशी तथा महासचिव पूनम कंवर सहित सैकड़ों छात्राओं ने चाइनीज सामान बहिष्कार का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर से ग्यारह संस्थाओं द्वारा चाइनीज सामान बहिष्कार का महाभियान प्रारम्भ किया गया। तब से लेकर अब तक विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में संकल्प अभियान, हस्ताक्षर अभियान तथा घर-घर संपर्क अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। आगामी दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता के प्रयास किए जाएंगे।

error: Content is protected !!