गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा – बाबूलाल वर्मा

प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने शाहबाद का सघन दौरान कर एमजेएसए के कार्यों का किया अवलोकन

6फ़िरोज़ खान
बारां, 17 जून। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान प्रदेश की महत्वपूर्ण योजना है जिससे गांव जल स्वावलम्बी बनेंगे, इस योजना के तहत जारी कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

श्री वर्मा शनिवार को शाहबाद के सघन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत हुए कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्हांेने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में प्रदेश को पेयजल, सिंचाई के क्षेत्र में स्वावलम्बी बनाने हेतु मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजना के माध्यम से गांव के पानी को गांव में ही रोेककर भूजल स्तर को बढाने एवं जल संरक्षण व संग्रहण के विभिन्न कार्यों के माध्यम से गांवों को जल स्वावलम्बी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में बारां जिले में भी इस अभियान के तहत जल संरक्षण के लिए नोडल विभागों द्वारा जन सहभागिता से कई कार्य करवाए गए हैं जिससे क्षेत्र के गांवों में पेयजल व सिंचाई संबंधी समस्या का समाधान होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारी इन कार्यों का भौतिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि ठेकेदार द्वारा कार्य की गुणवत्ता से समझौता तो नहीं किया जा रहा है, यदि इन कार्यों में कोताही बरती जाएगी तो संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

एमजेएसए के कार्यों का अवलोकन

प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल वर्मा ने पंचायत समिति शाहबाद की ग्राम पंचायत संदोकड़ा में जल संसाधन विभाग द्वारा तालाब के मरम्मत एवं सृदृढीकरण के कार्य का अवलोकन करने के बाद अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता में सुधार करवाने के निर्देश दिए जिससे तालाब में अधिक से अधिक जलराशि को संग्रहित कर ग्रामवासियों की पेयजल संबंधी समस्या का निस्तारण किया जा सके। इसके बाद उन्होंने मिनी एनिकट का अवलोकन किया और अधिकारियों को बताया कि इसमें मिट्टी का भराव होने से पानी बहकर चला जाएगा अतः इस कार्य को तकनीकी अध्ययन कर और अधिक सुदृढ किया जाना चाहिए। प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने क्षेत्र में सार्वजनिक कुएं के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया।

संदोकड़ा में की जनसुनवाई

प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल ने ग्राम पंचायत संदोकड़ा में एमजेएसए कार्यों के लोकार्पण के बाद जनसुनवाई करते हुए ग्रामवासियों के बिजली, पानी, सड़क समेत विभिन्न अभाव अभियोग को सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को राहत देने के निर्देश दिए।

जेटीए को किया एपीओ

प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल वर्मा ने ग्राम पंचायत संदोकड़ा में जनसुनवाई के दौरान कैटलशेड के मूल्यांकन कार्य में अनियमितता की शिकायत मिलने पर पचंायत समिति शाहबाद के कनिष्ठ तकनीकी सहायक सुरेश मेहता को जिला परिषद मुख्यालय पर एपीओ करने के निर्देश दिए।

एमजेएसए के कार्यों का लोकार्पण

प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल वर्मा ने पंचायत समिति शाहबाद की ग्राम पंचायत संदोकड़ा में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत करवाए गए विभिन्न कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया। इस मौके पर गांव तिलगवां में एमएसटी निर्माण कार्य का लोकार्पण, ग्राम पंचायत संदोकड़ा में बनवारी तालाब की मरम्मत एवं सुदृढीकरण के कार्य का लोकार्पण एवं ग्राम पंचायत संदोकड़ा में विधायक कोष से निर्मित आरसीसी ओपन सार्वजनिक कूप निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके बाद प्रभारी वर्मा श्री वर्मा ने पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर विधायक ललित मीणा, जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, उपजिला प्रमुख राजकुमार नागर, सरंपच निलेश शर्मा, एसीईओ अशोक पुरसवानी, उपखंड अधिकारी भूपेन्द्र यादव, विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता जलग्रहण मुकेश बाबू, ग्रामवासी, स्थानीय जनप्रतिनधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि मौजूद थे।

error: Content is protected !!