पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ लें – डॉ. एस.पी. सिंह

कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्राम पंचायत पाटोन्दा में रात्रि चौपाल में की जनसुनवाई

2फ़िरोज़ खान
बारां, 17 जून। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोड़ कर उनका समुचित लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

डॉ. सिंह पंचायत समिति अन्ता की ग्राम पंचायत पाटोन्दा में शुक्रवार को आयोजित रात्रि चौपाल के तहत जनसुनवाई को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा गांव, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है, इनमें से कई योजनाओं की जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति उनका लाभ लेने से वंचित रह जाते है, अतः ग्रामवासियों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक कर पात्र व्यक्ति को समुचित लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

जनसुनवाई में बिजली, पानी, सड़क, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, अतिक्रमण हटाने समेत विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को राहत देने के निर्देश प्रदान किए। कलक्टर डॉ. सिंह ने ग्रामवासियों को घर में शौचालय बनाने एवं उसका नियमित उपयोग करने की बात कही जिससे गांवों में स्वास्थ्य व स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने ग्रामवासियों को बैंक में खाता खुलवाने एवं सीडिंग के माध्यम से आधार कार्ड व भामाशाह कार्ड को बैंक खाते से लिंक करवाने की बात भी कही जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति में बैंक खाते में सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मनोज मीणा, विकास अधिकारी हरीश मीणा, सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

error: Content is protected !!