राज्य स्तरीय पत्रकारिता और साहित्य पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित

शंभू-शेखर सकसेना सामाजिक विकास संस्थान का राज्य स्तरीय पत्रकारिता और साहित्य पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित -समारोह नवम्बर में होगा

bikaner samacharबीकानेर 14 सितम्बर। शंभु शेखर सकसेना सामाजिक विकास संस्थान की ओर से आठवां राज्य स्तरीय पत्रकारिता और साहित्य पुरस्कार समारोह का आयोजन माह नवम्बर 2017 में बीकानेर में किया जायेगा।
संस्थान की सचिव रेणु सकसेना ने बताया कि साहित्य विभूति स्व. शंभुदयाल सकसेना और पत्रकारिता के स्तम्भ रहे स्व. शेखर सकसेना की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से संस्थान का गठन वर्ष 2009 में किया गया था। वर्ष 2010 से प्रतिवर्ष साहित्य के क्षेत्र में शंभुदयाल सकसेना राज्य स्तरीय साहित्य अवार्ड तथा विशिष्ट साहित्य पुरस्कार को आरम्भ किया गया था। वर्ष 2010 से ही शेखर सकसेना राज्य स्तरीय पत्रकारिता पुरस्कार तथा विशिष्ट पुरस्कार को भी आरम्भ किया गया था। दोनों पुरस्कारों में राज्य स्तरीय अवार्ड के लिए रुपये 5100/- नगद तथा विशिष्ट पुरस्कार के लिए रुपये 2100/- नगद तथा एक-एक चांदी का मैडल तथा सम्मान पत्र प्रदान किया जाता है।
वर्ष 2017 के लिए राज्य स्तरीय तथा विषिष्ट पत्रकारिता तथा साहित्य पुरस्कारों के लिए संस्थान की ओर से आवेदन 31 अक्टूबर 2017 तक आमंत्रित किये जा रहे हैं जिन्हे संस्था के कार्यालय 50, नागनेचेजी स्कीम, बीकानेर पर भिजवाया जा सकता है। राज्य स्तरीय पत्रकारिता पुरस्कार के लिए पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में विषिष्ट कार्य करने वाले पत्रकार समाचार पत्रों की कटिंग के साथ तथा राज्य स्तरीय साहित्य पुरस्कार के लिए साहित्यकार अपनी गत पांच वर्षों में प्रकाषित उपन्यास अथवा कहानी संग्रह की दो प्रतियां मय जीवनी संस्था के कार्यालय पर 31 अक्टूबर 2017 तक भिजवा सकते हैं। राज्य स्तरीय दोनों विषिष्ट पुरस्कार बीकानेर के पत्रकार व साहित्यकार को प्रदान किए जाएंगे।
साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में पुरस्कारों हेतु प्राप्त प्रस्तावों को संस्थान की ओर से गठित कमेटी द्वारा परीक्षण किया जायेगा तथा माह नवम्बर 2017 में बीकानेर में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे।

error: Content is protected !!