जयपुर में होगी संघ की प्रतिनिधि सभा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की हर साल होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा इस बार जयपुर में होगी। प्रतिनिधि सभा अगले साल 15, 16 और 17 मार्च को जयपुर में होगी। इसमें देशभर से करीब 1400 सदस्य शामिल होंगे।

संघ का दावा है कि संघ का काम पिछले एक साल में बढ़ा है। वर्ष 2011 में देशभर में जहां 25,834 जगहों पर संघ की शाखाएं लग रही थीं, वहीं वर्ष 2012 में 26 हजार 900 स्थानों पर शाखाएं लग रही है। वहीं शाखाओं की संख्या 38 हजार 700 से बढ़कर करीब 40 हजार हो गई है। इनमें भी नौजवान और बालक ज्यादा आते है। 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की शाखाएं महज 3390 ही है। इनके अलावा दस हजार से ज्यादा जगहों पर साप्ताहिक मिलन तथा करीब आठ हजार जगहों पर संघ मंडल के कार्यक्रम होते है।

जयपुर प्रांत सह संघचालक डॉ. रमेशचंद्र अग्रवाल ने पत्रकारों को बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान को जयपुर, जोधपुर और चितौड़ तीन प्रांतों में बांटा हुआ है। इनमें पिछले साल 894 स्थानों पर शाखाएं लगती थी, वहीं इस बार इनकी संख्या 1020 हो गई है। इस साल 54 हजार 947 स्थानों पर गुरुदक्षिणा के कार्यक्रम हुए जिनमें 20 लाख से ज्यादा स्वयंसेवकों ने पूजन किया।

अग्रवाल ने बताया कि विश्व के 35 देशों में 524 शाखाएं लग रही है। इस बार पहली बार भारत से बाहर त्रिनिदाद में संघ शिक्षा वर्ग लगा। ऐसे में विदेशों में भी संघ कार्य फैल रहा है।

error: Content is protected !!