गहलोत के जन्मदिन पर किया स्वतन्त्रता सेनानियों का सम्मान

बीकानेर। पूर्व मुख्यमंत्री तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव श्री अशोक गहलोत के जन्मदिन के अवसर पर गुरूवार को स्वतंत्रता सेनानी श्री हीरालाल शर्मा तथा श्री सत्यनारायण हर्ष का अभिनंदन किया गया।

अशोक गहलोत फेन्स क्लब, बीकानेर द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी सचिव राजकुमार किराडू ने कहा कि गांधीवादी नेता श्री अशोक गहलोत शुचिता और साफ-सुथरी राजनीति के पर्याय हैं। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों का अभिनंदन करना, उनके सिद्धान्तों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा नेताओं को श्री गहलोत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से सीख लेनी चाहिए।

युवा कांग्रेसी नेता ऋषि कुमार व्यास ने कहा कि श्री गहलोत संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी हैं। वे सदैव पीड़ित, शोषित एवं जरूरतमंद व्यक्ति के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई, जिनका आज भी बड़ी संख्या में लोग लाभ उठा रहे हैं।

स्वतंत्रता सेनानी श्री हीरालाल शर्मा ने कहा कि अनेक देशभक्तों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। युवा इस आजादी के मायने समझें और देश को विकास के पथ पर बढ़ाने में सहयोग करें।

स्वतंत्रता सेनानी श्री सत्यनारायण हर्ष ने कहा कि आज हमें जो आजादी मिली है, यह वर्षों की तपस्या का फल है। हमें देशभक्तों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए।

इस अवसर पर पट्टू प्रेमरतन जोशी, आनन्द सिंह सोढ़ा, गजान्नद शर्मा, मनोज किराडू, एजाज पठान, ममिया महाराज, जाकिर पठान, घनु महाराज, काकू किराडू, बंशी व्यास, गौरव व्यास सहित अनेक लोग मौजूद थे।

error: Content is protected !!