कन्या भ्रूण हत्या मुक्त राजस्थान के लिए लगेगी “बेटी पंचायतें”

प्रथम चरण में जिले में होंगे 95 ग्राम पंचायतों में डॉटर्स आर प्रिशियस संवाद
****************
बीकानेर। प्रदेशभर सहित बीकानेर जिले में शुक्रवार 7 सितम्बर को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा डॉटर्स आर प्रिशियस जनजागरण महोत्सव तृतीय का आयोजन “बेटी पंचायत” के रूप में होगा। जिले की लगभग 95 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों से बेटी बचाओ विषय पर व्यवहारिक संवाद स्थापित किया जाएगा। ग्रामीणों को उन्ही की भाषा-संस्कार व रिवाजों के अनुसार सन्देश दिया जाएगा। अध्यक्ष राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी एवं मिशन निदेशक श्री नवीन जैन द्वारा चलाई गई इस मुहीम में मूलतः बेटी-बेटे को लेकर प्रचलित अंतरों को भ्रम साबित करने और मिथ्या धारणाओं को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मिशन निदेशक नवीन जैन ने बताया कि पूरे प्रदेश में इस दिन लगभग 2 हजार 366 ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षित डैप रक्षकों द्वारा बेटी बचाओ का संदेश दिया जायेगा। अगले 3 चरणों में मिलाकर सितम्बर माह में लगभग 5000 ग्राम पंचायतों तक सन्देश पहुँचाया जाएगा। उन्होंने सभी डेप रक्षकों को कन्या भ्रूण हत्या मुक्त राजस्थान बनाने का आह्वान किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि महोत्सव के तहत ग्राम पंचायतों में पॉवर पाईन्ट प्रस्तुतिकरण तथा वीडियो क्लिप्स के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या के विरूद्ध मजबूत संदेश दिया जाएगा। विभाग द्वारा प्रशिक्षित ‘डेप रक्षक’ यानिकी डॉटर्स आर प्रिशियस रक्षक प्रातः 11 बजे से 5 बजे के बीच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अटल सेवा केन्द्रों व अन्य सुलभ स्थानों पर पहुँचकर बेटी बचाओ का शोध आधारित संवाद आयोजित करेंगे। आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य ने बताया कि डैप रक्षकों के रूप में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्साधिकारी, आयुष चिकित्सक, आशा सुपरवाइजर, मेलनर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट के अलावा शिक्षा विभाग से गुरुजन, आयुर्वेद विभाग से आयुष अधिकारी व महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर स्वयंसेवक के रूप में योगदान देंगे ।

कारवाँ-ए-डॉटर्स आर प्रिशियस
डीपीएम सुशील कुमार ने बताया कि अध्यक्ष राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी एवं मिशन निदेशक श्री नवीन जैन द्वारा गत वर्ष नवम्बर माह में अधिक से अधिक युवाओं तक कन्या भ्रूण हत्या के विरूद्ध आवश्यक तथ्य पहुचांने के लिए इस प्रकार के संवाद युद्ध स्तर पर किये जाने हेतु डीएपी रक्षक की अवधारणा पर कार्य किया गया था। इन स्वयंसेवकों को डेप रक्षक का नाम दिया गया तथा इन्हें गहन प्रशिक्षण देकर इन स्वयंसेवकों को विस्तार से इस कार्य के संम्बन्ध में समस्त जानकारियां दी गई। 17 नवम्बर 2017 और उसके बाद 24 जनवरी 2018 को इन्हीं स्वयंसेवकों के माध्यम से पूरे राज्य में एक ही दिन और एक ही समय पर हजारों केन्द्रों पर जागरूकता संवाद आयोजित कर लाखों युवाओं को बेटी बचाओ का संदेश दिया गया। इस विशाल जन-जागरुकता अभियान के इतने बड़े पैमाने पर आयोजन को विश्व रिकार्ड बुक में भी शामिल किया गया है। बेटियों को बचाने और भ्रूण लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध तैयार यह मशाल फीकी नहीं पड़े, इसके लिये तीसरे महोत्सव को बेटी पंचायत के रूप में मनाते हुए गाँव-गाँव इस पावन सन्देश को पहुंचाने का बीड़ा उठाया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर

error: Content is protected !!