शाहपुरा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जायेगी- मेघवाल

भगवान गणेश की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, माही सप्तमी पर महायज्ञ में 71 जोड़ों ने दी विशेष आहुतियां,
शाहपुरा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जायेगी- मेघवाल
गणपतिया का खेड़ा देवनारायण मंदिर में पंचकुंडात्मक विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति

शाहपुरा-12 फरवरी
निकटवर्ती फुलियाकलां तहसील के गणपतिया का खेड़ा में आयोजित हो रहे श्री पंचकुंडात्मक विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति मंगलवार को माही सप्तमी के मौके पर संपन्न हुई। खानिया के बालाजी मंदिर महंत रामदासजी महाराज के सानिध्य में हुए 7 दिवसीय श्री पंचकुंडात्मक विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति के मौके पर पूरा गांव भक्तिमय हो गया। आस पास के गावों से 171 हरिबोल प्रभात फैरियों का समागम भी हुआ। इस मौके पर चल रही श्रीमद भागवत कथा की पूर्णाहुति भी की गई। इस दौरान हुई धर्मसभा में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने इस प्रकार के आयोजनों को क्षेत्र के लिए कल्याणकारी बताते हुए कहा कि गणपतिया का खेड़ा में आयोजन स्थल थला के देवनारायण मंदिर के आस पास क्षेत्र में आयोजन समिति जो कार्य प्रस्तावित करेगी उसे पूरा कराया जायेगा। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ प्रधान गोपाल गुर्जर का साफा बंधा कर अभिनंदन भी किया।
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष मेघवाल ने अपने निर्वाचन पर आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि पांच विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक जीत के अंतर से उनकी विजय से अब उनका दायित्व क्षेत्र के विकास का बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि शाहपुरा क्षेत्र की धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी हर संभव प्रयास किये जायेगें। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में देवनारायण भगवान का बहुत अधिक प्रभाव रहा है। प्रधान गोपाल गुर्जर ने सभी का स्वागत करते हुए महायज्ञ के आयोजन को खुशहाली का प्रतीक बताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की आस्था के अनुरूप हुए आयोजन में आज हजारों लोगों की उपस्थिति ने सभी को अहसास करा दिया है कि हम सब एक है।
यज्ञाचार्य पं. भेरूलाल शास्त्री की अगुवाई में मंगलवार को अल सुबह खानिया के बालाजी मंदिर महंत रामदासजी महाराज के सानिध्य में देवपूजन के साथ महायज्ञ का अनुष्ठान प्रांरभ हुआ। माही सप्तमी होने से आज महायज्ञ में विशेष आहुतियों के साथ सभी के मंगलकामना करते हुए विश्व कल्याण की आहुतियां दी गई। 71 जोड़ों ने आज आहुतियों में भाग लिया। प्रधान कुंड पर रामलाल फागणा बैठे। आज ही यहां पर भगवान गणेश की मूर्ति की भी विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। यहां वैदिक मंत्रोचार के साथ सौनाथसिंह देवड़ा की अगुवाई में कलश स्थापना की गई।
महायज्ञ विकास समिति के सहसंरक्षक व प्रधान गोपाल गुर्जर ने बताया कि गणपतिया का खेड़ा में स्थित थला के देवनारायण मंदिर परिसर में बनाये गये विशाल यज्ञ मंडप में श्री पंचकुंडात्मक विष्णु महायज्ञ में खानिया के बालाजी मंदिर महंत रामदासजी महाराज के सानिध्य में पूर्णाहुति के बाद सैकड़ों महिला पुरूषों ने आहुतियों के बाद मंडप की परिक्रम कर यज्ञ भगवान का आर्शिवाद प्राप्त किया।
मंगलवार को माघ शुक्ला सप्तमी माही सप्तमी पर देवनारायण मंदिर में महायज्ञ के साथ विशिष्ट अनुष्ठान यज्ञाचार्य पं. भेरूलाल शास्त्री के निर्देशन में हुए जिसमें देवपूजन, हवनदिक बलिदान, पूर्णाहुति, अभिजीत मुहर्त में महाआरती वंदना का आयोजन समारोह पूर्वक किया गया। पूर्णाहुति व महाआरती के मौके पर खानिया के बालाजी मंदिर महंत रामदासजी महाराज ने उपस्थित लोगों को आर्शिवाद प्रदान किया।
इस बीच यहां परिसर में चल रही श्रीमद भागवत कथा के अंतिम दिन आज भगवत पूजन समिति के पदााधिकारियों द्वारा पूजन करने के उपरांत कथा व्यास पं. केदार त्रिपाठी ने कथा वाचन किया। उन्होंने कृष्ण सुदामा चरित्र का विस्तार से विवेचन करते हुए भागवत के महात्मय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को जीवन में कथा का श्रवण करते रहना चाहिए। बाद में भागवत की पूर्णाहुति की उसकी शोभायात्रा निकाली गयी।
यज्ञ समिति के संरक्षक ठा. देवेंद्र सिंह खंगारोत, अध्यक्ष किशनलाल बूड़िया, सह संरक्षक गोपाल गुर्जर, उपाध्यक्ष लादूलाल माली, सचिव सोजीराम पोसवाल, सहसचिव देवराज देवड़ा, कोषाध्यक्ष घीसालाल सोनी व महामंत्री महावीर कुम्हार सहित यज्ञ समिति के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में अपराप्ह पश्चात महायज्ञ की पूर्णाहुति में भाग लेने के लिए पहुंचे मेवाड़ मंडल अखाड़ा के संत महंतों को भावभीनी विदाई दी गई तथा उपस्थित लोगों ने संतों से आर्शिवाद प्राप्त किया। इसमें अखाड़ा के अध्यक्ष महंत रामस्वरूपदास जी महाराज व रामस्नेही संप्रदाय के संत निर्मलराम महाराज भी शामिल रहे।
धर्मसभा में बाद में हरिबोल प्रभात फैरियों के मंडलों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। आज की धर्मसभा पूर्व मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीलाल सोनी, भाजपा नगर अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष रामधन जाट, फुलियाकलां मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर, एडवोकेट रामप्रसाद चैधरी, भागचंद चाड़ा, सत्यनारायण मालू, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष तारा चाष्टा सहित क्षेत्र के क्षेत्र के सरपंच व पंचायत समिति सदस्य गण सहित सात हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहे। अपरान्ह पश्चात महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया।

मूलचन्द पेसवानी

error: Content is protected !!