यमुना जल बंटवारे पर बैठक जल्द

जयपुर। यमुना नदी जल बंटवारे के विवाद को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच जल्द ही वार्ता होगी। दोनों राज्यों के बीच प्रमुख सचिव स्तरीय वार्ता होगी। दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों के बीच हुए पत्र व्यवहार के बाद इस नतीजे पर पहुंचा गया है।

मुख्य सचिव सी.के. मैथ्यू ने हाल ही हरियाणा के मुख्य सचिव पी.के. चौधरी को जल विवाद के निपटारे के लिए पत्र लिखा था। इसके जवाब में चौधरी ने मैथ्यू को पत्र लिखकर सचिव स्तरीय वार्ता के लिए कहा है। इसके बाद मैथ्यू ने जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव को दोनों राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों की जल्द बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं।

हरियाणा के मुख्य सचिव की ओर से लिखे पत्र के मुताबिक यमुना नदी के तेजावाला हैड से राजस्थान को पानी देने के अपर यमुना रिवर बोर्ड के फैसले को हरियाणा सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने अपर यमुना रिवर कमेटी में चुनौती दे रखी है। कमेटी ने इस मामले के निपटारे के लिए दोनों राज्यों से आपसी चर्चा से सहमति बनाने को कहा है। इस मामले में सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बैठक हो चुकी है।

error: Content is protected !!