फ़िरोज़ खान
बारां, 30 दिसम्बर। जिला कलक्टर इन्द्र सिंह राव ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मिनी सचिवालय सभागार में जिले की बेटियों से बालिका शिक्षा, बाल विवाह, कन्या भू्रण हत्या सहित विभिन्न विषयों के संबंध में संवाद किया। इस मौके पर उन्होंने बालिकाओं को संदेश दिया कि वे समाज में किसी से कम नहीं है और अपनी शिक्षा पूर्ण कर समाज के विकास में सहभागी बनें।
कलक्टर राव ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किशोरी बालिका एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्थानों से आई बालिकाओं से पारस्परिक संवाद किया। इस मौके पर बालिकाओं ने बताया कि समाज में बेटा और बेटी में भेदभाव किया जाता है बालिकाओं को शिक्षा के पूर्ण अवसर से वंचित रखा जाता है और कन्या भू्रण हत्या कर गर्भ में ही बालिकाओं को समाप्त कर दिया जाता है। इस पर कलक्टर राव ने कहा कि समाज के दृष्टिकोण में सभी को मिलकर बदलाव लाना होगा क्योंकि आज के युग में बेटियां पायलट, इंजीनियर, डॉक्टर, कलक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रही हैं और अपने कार्य से प्रभावित भी कर रही है। उन्होंने कहा कि कन्या भू्रण हत्या की रोकथाम हेतु पीसीपीएनडीटी एक्ट के माध्यम से कार्यवाही की जाती है और सजा का प्रावधान भी है साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में बेटी को जन्म लेने, सुरक्षा देने, शिक्षा देने के अवसर प्रदान करने की जिम्मेदारी सबकी है। इस मौके पर मदर मिल्क बैंक, सुपोषण आदि के संबंध में भी जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास अधिकारी मोहिनी पाठक ने बताया कि किशोरी बालिका एक्सपोजर विजिट के तहत बालिकाओं को महिला थाना, राजकीय अस्पताल, सखी वन स्टॉप सेन्टर, मदर मिल्क बैंक का भ्रमण करवाकर कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी गई है। इस अवसर पर सीडीपीओ रवि मित्तल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, किशोरी बालिकाएं आदि मौजूद थे ।