कांग्रेस में सामने आई गुटबाजी

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिघियों की शनिवार को जयपुर में हुई बैठक हंगामेदार रही। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी के बीच चल रही गुटबाजी सामने आई। जोशी समर्थक नेताओं ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचारियों को शह देने जैसे आरोप लगाए। इसके चलते सीएम समर्थक नेताओं और आरोप लगाने वालों के बीच तकरार हो गई। हंगामे के बाद प्रदेश प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा, चुनावी साल है। जो निष्क्रिय है, उसकी सर्जरी का समय आ गया है।

रघु का सत्ता-संगठन पर सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैठक की शुरूआत तो ठीक-ठाक हुई, लेकिन पहले सत्र में ही विधानसभा में मुख्य सचेतक रघु शर्मा ने सरकार और संगठन के समन्वय पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने चुनावी साल में तबादले और कार्यकर्ताओं के काम आसानी से होने की जरूरत भी बताई। इसके बाद राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया।

असली हंगामा खुले सत्र में हुआ। विधायक रह चुके संयम लोढ़ा ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ही उन पर जम कर आरोप लगाए। बात बढ़ती देख सांसद महेश जोशी और तीन-चार कार्यकर्ताओं को लोढ़ा को बैठाने आना पड़ा। पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह ने तो मुख्यमंत्री पर कुछ लोगों से घिरे होने का आरोप लगाते हुए इसे कबीला कांग्रेस बनाने की बात कह दी।

error: Content is protected !!