जयपुर// दादूदयाल नगर स्थित रेयान एडुनेशन स्कूल में ’15 बुक्स कैंपेन’ प्रोग्राम का शुभारंभ शहर की जानी मानी साहित्यिक प्रतिभा शिवानी जयपुर के सानिध्य में समारोह पूर्वक शाला प्रांगण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रीडिंग हैबिट के फायदे को दर्शाते हुए रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें गीत, नृत्य एवं स्पीच भी दी।
प्राचार्य अनुराग शर्मा ने भी बच्चों को पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए 15 बुक्स कैंपेन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को पूरे सैशन में कम से कम पंद्रह पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है जो कि कोर्स बुक से अलग होती हैं। न केवल पढ़ना बल्कि उन चर्चा, समीक्षा और नाटक आदि एक्टीविटी भी इस योजना का अंग हैं।
मुख्य अतिथि शिवानी जयपुर ने रिबन हटाकर योजना के खूबसूरत पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में शिवानी ने बच्चों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से पुस्तकों की ओर आकर्षित करने की महत्वपूर्ण आवश्यकता को रेखांकित किया। शिवानी जयपुर ने विद्यार्थियों से सवाल-जवाब करते हुए रोचक संवाद किया और उन्हें पुस्तकों से जुड़ने के लाभ बताते हुए पढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया। साथ ही विद्यालय के पुस्तकालय हेतु पचास पुस्तकें भी भेंट की।
प्राचार्य अनुराग शर्मा ने स्मृति चिन्ह देकर और आर्ट एंड क्राफ्ट टीचर ने अपनी बनाई एक खूबसूरत पेंटिंग देकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।