जयपुर ।(अशोक लोढ़ा) सुबोध पी.जी. महिला महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता,कविता पाठ, और लघु नाटक प्रतियोगिता शामिल रही।
इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में ज्ञानविहार स्कूल की हिंदी विभागाध्यक्ष रेनू शब्दमुखर, प्राचार्य डॉ. रेनू जोशी, सह प्राचार्य डॉ. इंदु शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अपर्णा शर्मा और डॉ. निशा जैन ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या, डॉ. रेनू जोशी ने अपने संबोधन में हिन्दी के सशक्त प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ.जोशी ने इस बात पर जोर दिया कि आज के डिजिटल युग में जहां अन्य भाषाओं का प्रभाव बढ़ रहा है, वहीं हिन्दी को उसकी सही प्रतिष्ठा दिलाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करें और इसके प्रसार में अपनी भूमिका निभाएं।
रेनू शब्दमुखर ने अपने प्रभावी वक्तव्य में छात्राओं को मातृभाषा के महत्व और राष्ट्रीय एकता में हिंदी की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “हिन्दी न केवल हमारी मातृभाषा है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और एकता की कड़ी भी है। कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की उपप्राचार्य डॉ.इंदु शर्मा भी उपस्थित रहीं। मंच संचालन मीनाक्षी विजयवर्गीय एवं समीक्षा ने किया। हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अपर्णा शर्मा और डॉ. निशा जैन ने पूरे कार्यक्रम का समन्वय में बखूबी किया । कार्यक्रम ने छात्राओं में हिन्दी भाषा के प्रति सृजनशीलता और सम्मान को बढ़ावा दिया और हिन्दी पखवाड़े का यह आयोजन बेहद सफल रहा।