नाथद्वारा । राजस्थान प्रदेश के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शुक्रवार को नाथद्वारा पहुँच श्रीनाथजी के दर्शन किए । संभाग के दौरे पर पहुँचे मुख्य सचिव ने आज श्रीनाथजी की संध्या आरती झांकी के दर्शन किए जहां मंदिर परंपरा अनुसार उनका स्वागत किया गया ।
दर्शनोपरांत मुख्य सचिव श्रीनिवास ने देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरामानी व कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं को देखा । इस दौरान मंदिर मंडल प्रशासन द्वारा उन्हें पंक्तिबद्ध दर्शन व्यवस्था, वेटिंग हाल, बुजुर्ग व निशक्तजनों के लिए की गई दर्शन व्यवस्था, दर्शनार्थियों के लिए लगाए गए क्यूआर कोड आधारित ऑटोमैटिक फ्लैप गेट सहित अन्य व्यवस्थाओं को दिखाया गया, जिसे देखकर उन्होंने संतुष्टि जाहिर की व मंदिर प्रशासन को सराहा ।
श्रीनिवास ने युवाचार्य विशाल बावा से भेंट कर आशीर्वाद लिया जिसके बाद विशाल बावा ने उपरना व रजाई ओढ़ाकर व श्रीनाथजी का प्रशाद भेंट कर उनका समाधान किया व आशीर्वाद प्रदान किया । इस दौरान भारतभूषण व्यास द्वारा उन्हें नगरवासियों व वैष्णवों की सुविधार्थ मंदिर मंडल द्वारा किए जा रहे विभिन्न नवाचारों से अवगत करवाया, उन्होंने बताया कि विशाल बावा के निर्देशन में मंदिर प्रशासन द्वारा वेस्ट मैनेजमेंट व ग्रीन एनर्जी के लिए नए गोबर गैस प्लांट की योजना बनाई जा रही है, वहीं मंदिर से निकलने वाले फलफूल आदि के उच्छिष्ट से रिसाइकल कर विभिन्न प्रोडक्ट बनाए जा रहे है। इसके अलावा नगर के प्रमुख मार्गों को गोद लेने सहित नागरिक सुविधार्थ उठाए जा रहे विभिन्न नवाचारों ओर दर्शनार्थियों में भगदड़ से बचाव के लिए की कई पंक्तिबद्ध दर्शन व्यवस्था का भी विस्तार से प्रदर्शन कर समझाया जिससे मुख्य सचिव काफी प्रभावित दिखाई दिए व उनके द्वारा मंदिर मंडल के नवाचारों की प्रशंसा की गई ।
जिसके बाद दौरे की जानकारी देते हुए श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं व बजट घोषणाओं की पूर्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है व सरकार के अधिकारी प्रत्येक जिले में जाकर खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे है वे भी इसी सिलसिले में राजसमंद आए जहां गुंजोल में ग्रामसभा में भाग लिया व अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए है, राजसमंद काफी समृद्ध है यहां जल संरक्षण की काफी संभावनाएं है और यहां सभी महिलाओं के पास मोबाइल होना, सभी किसानों के पास बैंक अकाउंट ओर यूपीआई होना प्रधानमंत्री के मिनिमम गवर्मेंट – मैक्सिमम गवर्नेंस मॉडल को साकार करता दिखाई देता है ।
इस दौरान मंदिर मंडल सीईओ जितेंद्र पंड्या, अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल, कल्पित जोशी, उदयपुर जिला कलेक्टर निमित मेहता ल, राजसमंद एडीएम नरेश बुनकर, राजसमंद एसपी हेमंत कलाल, उदयपुर एसपी डॉ अमृता दुहन, उपखंड अधिकारी रक्षा पारिख, डीएपी शिप्रा राजावत, सीआई विक्रम सिंह सहित अन्य कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ।