जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कथित बयान को लेकर सियासी माहौल गरमाने लगा है। सोमवार को राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे पर दिए बयानों पर भ्रष्टाचार के तथ्य उजागर करने की मांग की हैं। राजनीतिक दलों ने अपने बयानों में गहलोत को घेरते हुए जनता से माफी मांगने और इस्तीफा देने तक की मांग रख दी है।
उल्लेखनीय है कि एक समाचार पत्र के अनुसार गहलोत ने गत रविवार को नागौर में कहा था कि राजे पर कई मामले है और इसे लेकर उच्चमत एवं उच्च न्यायालय से सरकार को नोटिस भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश में माहौल खराब नहीं चाहते,नहीं तो तमिलनाडु एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों जैसा हाल यहां भी होता।
गहलोत जनता से मांगे माफी
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता भवानी सिंह राजावत ने सोमवार को कहा कि अगर गहलोत के पास वसुंधरा राजे के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर कोई ठोस प्रमाण है तो प्रदेश की जनता के सामने उजागर करे, नहीं तो मुख्यमंत्री को जनता से माफी मांगनी चाहिए।