सूचना प्रौद्योगिकी के बिना तरक्की नहीं: नारायण सामी

techजयपुर । केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार राज्यमंत्री वी. नारायण सामी ने कहा कि आज का युग सूचना एवं प्रौद्योगिकी का है। बिना तकनीक को अपनाए कोई भी देश तरक्की नहीं कर सकता। चाइना ने विभिन्न तकनीकों का इस्तेमाल किया है और आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत में भी तकनीक के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और ई-गवर्नेस के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सामी आज जयपुर के बिड़ला सभागार में 16वें राष्ट्रीय ई-शासन सम्मेलन के प्रथम दिन ‘खुली सरकार’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अकेली तकनीक कुछ नहीं कर सकती, उसका विभिन्न योजनाओं में उपयोग कर ही आमजन को अधिक से अधिक राहत प्रदान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी क्रांति का समय है और तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करने की जरूरत है ताकि आमजन को सेवाएं त्वरित गति से और बिना शोषण के मिलें।

उन्होंने तकनीक के उपयोग से मिल रही राहत के संबंध में बैंकों के कम्प्यूटरीकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि बैंकों को कम्प्यूटरीकृत करते समय कर्मचारियों ने इसका विरोध किया था, लेकिन आज इस तकनीक का फायदा करोड़ों लोगों को मिल रहा है और लोग मोबाइल के माध्यम से ही बैंकिंग सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि टेक्नॉलोजी में लोगों का जीवन स्तर सुधारने और उनकी सोच बदलने की क्षमता है।

उन्होंने केंद्र सरकार की डायरेक्ट बेनिफिट योजना को ओपन गवर्नेस की दिशा में एक बड़ा ऐतिहासिक कदम बताया। इसका आयोजन राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं जन अभियोग मंत्रालय तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांफ्रेंस में ‘टूवर्डस् एन ओपन गवर्नमेंट’ का जो विषय रखा गया है, वह राज्य सरकार के पारदर्शी, जवाबदेह एवं संवेदनशील सुशासन देने के अनुरूप है।

गहलोत ने बताया कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना था ताकि देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में आ सके।

उन्होंने नई तकनीक के समुचित उपयोग में सलाह के लिए विकसित देशों के प्रोफेशनल्स को भारत बुलाया और भारत में आईटी क्रांति की नींव रखी। उस वक्त लोग उनकी भावना को समझ नहीं पा रहे थे। आज देश में जो आईटी क्रांति आई है उसका अहसास देशवासियों को हो रहा है।

error: Content is protected !!