जयपुर । भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि राज्य की जनता और काग्रेंस सरकार के मध्य भारी अन्तर विद्यमान है। राज्य सरकार का 2013 का अर्थ संकल्प इस अंतर को स्पष्ट दिखाता है। काग्रेंस जनता को सदैव निराश ही करेगी। मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेलगाम नौकरशाही, भीषण बेकारी, शिक्षा में अराजकता, पेयजल का गंभीर संकट, किसी भी समस्या के दीर्घकालिक समाधान का प्रयास नहीं किया गया है। राज्य के विकास की पूर्ण उपेक्षा की गई है।
किरण नें कहा कि अर्थ संकल्प में काग्रेंस की हताशा झलक रही है। इसलिए यह राज्य की जनता को निराश करने वाला है। अर्थ संकल्प का 12 वीं पंचवर्षीय योजना के लक्ष्यों के साथ कोई समन्वय नहीं है। राज्य सरकार की पूर्व अर्थ संकल्पों में की गई 30 से अधिक घोषणाओं की अब भी क्रियान्वित नहीं हो पाई है।
किरण नें कहा कि राज्य में अधोसंरचना के विकास के लिए 10 हजार अरब रुपयों की आवश्यकता है। बेकारी दूर करने के लिए युवाओं में कौशल विकसित करने की जरुरत है। राज्य के कई जिलों में औद्योगिक विकास नहीं के बराबर है। कृषि विकास अवरुद्ध हो गया है। किन्तु सरकार ने इनकी ओर आंखे मुंद रखी है। यह अर्थ संकल्प समतायुक्त विकास और सम्पन्नता के सपनों को धुमिल करता है। काग्रेंस की विदाई से ही राज्य में विकास का रथ आगे बढ़ेगा।