सुराज के लिए संकल्पित है भाजपाः किरण माहेश्वरी

kiran4राजसमंद। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा राजस्थान और देश में सुराज लाने के लिए संकल्पित है। चरित्र हनन और झूठ कांग्रेस की संस्कृति है। राजस्थान में तेल की खोज और व्यावसायिक दोहन वसुंधरा राजे सरकार की देन है। तेल शोधन संयत्र की स्थापना में विलम्ब गहलोत सरकार की दुर्बलता के कारण हुआ है। सुराज संकल्प यात्रा भाजपा की प्रतिबद्धता के साथ जनता को जोड़ने का महाअभियान है। वे राजसमंद में पत्रकारों से वार्ता कर रही थी।
किरण नें कहा कि भाजपा छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी पूरा महत्व देती है। यहाँ कांग्रेस की तरह पार्टी पर किसी घराने का एकाधिकार नहीं है। इसी कारण बिना किसी पारिवारिक पृष्टभूमि के उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को निभाने का अवसर मिला है। यह पुरे राजस्थान और विशेषतः मेवाड़ का सम्मान है। वे देश, समाज और संगठन के लिए पूरी उर्जा व समर्पण भाव से कार्य करती रहेगी।
किरण नें कहा कि सुराज संकल्प यात्रा के लिए जनता में भारी उत्साह है। विगत 4 दिनों में वे राजसमंद और रेलमगरा तहसील की 44 पंचायतों सहित सभी मुख्य गांवों का दौरा कर चुकी है। सभी जगह जनता में वसुंधरा राजे के प्रति व्यापक समर्थन दिखा। जनता में कांग्रेस के विरुद्ध चरम रोष है। मुख्यमंत्री व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पुरानी घोषणाओं को दोहरा कर जनता को भ्रमित करने का दुष्प्रयास कर रहे हैं। सरकारी खर्चे पर राजनीतिक यात्रा जनता के धन का अपव्यय है।
किरण नें कहा कि राज्य का कांग्रेस नेतृत्व वसुंधरा राजे की लोकप्रियता से भयभीत और हताश है। इसी कारण वे मिथ्या आरोपों का सहारा ले रहे हैं। वसुंधरा राजे राजशाही की नहीं लोकशाही की प्रतीक है। सुराज से समाज के सभी वर्गों का कल्याण ही भाजपा का ध्येय है। गुजरात, मध्यप्रदेश और बिहार के समान ही राजस्थान भी विकास और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ेगा।

error: Content is protected !!