सीमलवाड़ी/ डूंगरपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि कांग्रेस की संदेश यात्रा में आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 40 मिनट भाषण दिया, जिसमें वे 20 मिनट मुझे गालियां निकालते रहे। इससे लगता है कि वे भाजपा की सुराज संकल्प यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से गहरे शोक में है। वैसे भी उनकी ये संदेश यात्रा शोक संदेश यात्रा है, जिसमें विकास की बात तो गायब है और सरकार जाने का गम साफ दिखाई दे रहा है। श्रीमती राजे डूंगरपुर जिले के सीमलवाड़ी गांव में एक सभा को सम्बोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि जिस सरकार में केन्द्रीय मंत्री को धरने पर बैठना पडे़। सत्ता पक्ष के विधायक को मोबाइल टावर पर चढ़कर सरकार के खिलाफ धरना देना पडे़, उस सरकार से आम आदमी को क्या उम्मीद करनी चाहिए। चुनाव आता देख सरकार ने जनता का पैसा जनता में लुटाना शरू कर दिया है। साढे़ चार साल तक तो जनता का शोषण किया अब उसे लुभाने के प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री शायद ये भूल गये हैं कि प्रदेश के लोगों को पैसा नहीं रोजगार, बिजली, चिकित्सा और शिक्षा चाहिए। आज महंगाई से पूरा प्रदेश कराह रहा है। किसान महंगे और नकली खाद बीज की वजह से कर्जें में डूबकर महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश की तरह राजस्थान में भी आत्म हत्याएं कर रहे हैं। महिलाओं की इज्जत इस राज में तार-तार हो रही है।
श्रीमती राजे ने कहा कि एक ओर तो कांग्रेस का 65 साल का शासन है, दूसरी ओर भाजपा का 12 साल का शासन है। स्व. भैरोंसिंह जी और उनकी सरकार ने 12 साल के कार्यकाल में वो कर दिखाया जो कांग्रेस की सरकारें 65 साल में नहीं कर सकी। बात राजस्थान की ही नहीं है। गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकारांे ने विकास के जो कीर्तिमान स्थापित किये हैं वो किसी से छिपे हुए नहीं है।