बाडोदिया/ कुशलगढ़/ अम्बापुरा/ बांसवाड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि उनकी सुराज संकल्प यात्रा को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन से प्रदेश की कांग्रेस सरकार बुरी तरह घबरा गई है। इसलिये यात्रा को रोकने के लिए रोड़ खुदवाये जा रहे हैं, सरपंचों को धमकाया जा रहा है और कई जगह यात्रा के मार्गाें पर टायर जलाये जा रहे हैं। कांग्रेस कितनी ही बाधा पहुंचाये, कितने ही रोडे अटकाये, लेकिन जनता की शक्ति से तूफान की तरह आगे बढ़ रहा उनका यह कारवां अब थमने वाला नहीं है। श्रीमती राजे बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़, अम्बापुरा और बाडोदिया गांव में विशाल जनसभाओं को सम्बोधित कर रही थी।
अपनी यात्रा के नवें दिन की शुरूआत राजे ने शक्ति पीठ माँ त्रिपुरा सुन्दरी के दर्शन और पूजा के बाद की। उन्होंने तीन जनसभाओं को सम्बोधित किया। करीब 40 स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। कहीं फूलों की बरसात हुई, तो कहीं फूल माला पहनाकर, चुनडी ओढाकर, तीर कमान और तलवार भेंट कर उनका स्वागत किया गया। कुशलगढ़ में तो गुलाब के फूलों से सड़क ही ढक गई। वसुन्धरा ने अपने भव्य स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि मैं जनता के इस कर्ज को चुकाने का दिल से प्रयास करूंगी। उन्होंने कहा कि मैं जब मुख्यमंत्री थी, तब भी इतना जोरदार स्वागत नहीं हुआ। शायद इसी वजह से कांग्रेस और उसके नेता बौखला गये हैं। राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने उदयपुर संभाग का 35 बार दौरा किया। दो बार केबिनेट की बैठकें की। एक बार पूरी सरकार ने तम्बुओं में रहकर यहां के लोगों की समस्याएं जानी और उनका मौके पर ही समाधान किया। मुख्यमंत्री बताये मेवाड़ की धरती पर कितनी बार आये और उन्होंने इस क्षेत्र के लिये थोथे वादे और झूठी घोषणाओं के अलावा क्या किया?
हमारी यात्रा ने मुख्यमंत्री को जनता से रूबरू होना सिखा दिया
भाजपा की सुराज संकल्प यात्रा ने मुख्यमंत्री को जनता में जाना सिखा दिया। नहीं तो साढे़ चार साल तक मुख्यमंत्री को जनता से सरोकार ही नहीं था। इसलिये मुझे खुशी है कि मेरी वजह से मुख्यमंत्री जनता से रूबरू तो हो रहे हैं। श्रीमती राजे ने अपने सम्बोधन में जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने जब पूछा कि बिजली मिल रही है, मुत दवा मिल रही है, स्कूलों में अध्यापक है, एक रुपये किलो गेहूं मिल रहा है तो सभा में मौजूद लोगों ने ना किया। राजे ने पूछा कि क्या ऐसी निक्कमी सरकार को वोट दोगे, तो लोगों ने एक स्वर में कहा नहीं करेंगी ऐसी गलती।
पलायन कर रहे हैं प्रदेश के लोग
भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष राजे ने कहा कि इस इलाके के लोग आज भी बदहाली में जी रहे हैं। बडे़ तो बडे़ छोटे बच्चें भी पढाई छोडकर गुजरात और मध्यप्रदेश की ओर पलायन कर गये हैं। यदि ये सरकार रोजगार देती तो ऐसा नहीं होता। झूठे सपने दिखाकर ये सरकार सत्ता पर काबिज होने पर कामयाब तो हो गई, लेकिन जनता के सपने, सपने ही रह गये। हमारे वक्त शहरों में ही नहीं गांव में भी जो घरेरू बिजली 22 घण्टे मिला करती थी, आज मुश्किल से 5-7 घण्टे भी नहीं मिल रही।
महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचा रही है कांग्रेस सरकार
वसुन्धरा ने कहा कि ये सरकार महिलाओं के सम्मान को हर दिन ठेस पहुंचा रही है। आज इस कुशासन में सबसे ज्यादा अगर कोई परेशान है, तो वह है महिला। अकेली महिला दिन में भी सड़क पर नहीं जा सकती। हर रोज महिलाओं की इज्जत तार-तार हो रही है। और तो और इस सरकार के मुखिया महिलाओं को लिए अमर्यादित भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिये इस सरकार को हमारी माता-बहने सबक सिखाकर रहेगी। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि ये सरकार लोगों को घोषणाओं के भ्रम जाल में फंसाने का प्रयास करती है। घोषणाएं तो करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती।
मां त्रिपुरा सुन्दरी की पूजा-अर्चना
बांसवाड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सुराज संकल्प यात्रा के नवें दिन की शुरूआत शक्ति पीठ मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर की। उन्होंने पूजा अर्चना कर राजस्थान प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना भी की। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया भी मौजूद थे।