कोटा। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव एक साथ विदेश गये हैं। पूरे सात दिन के लिए। प्रदेश के दोनों मुखिया प्रदेश को किसके भरोसे छोड़कर गये। अधिकृत रूप से किसी को कार्यभार भी नहीं सौंपा। दोनों ही मुखिया जब विदेश चले गये, तो मंत्री भी कहां कसर रखने वाले हैं। वे भी सचिवालय छोड़कर चले गये। लोग कह रहे हैं सरकार गई विदेश, किसके भरोसे प्रदेश। श्रीमती राजे कोटा जिले के रायपुर चौराहे पर आयोजित एक विशाल जनसभा में बोल रही थी।
इस सभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व सांसद रघुवीर सिंह कौशल, सांसद दुष्यंत सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव भी मौजूद थे। सभा में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने श्रीमती राजे का स्वागत किया।
कांग्रेस ने राजस्थान को रोबर्ट वाड्रा के हाथों बेच दिया
रामगंजमण्डी/सांगोद/कैथून/रायपुराचौराहा/कोटा। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को रोबर्ट वाड्रा के हाथों बेच दिया। इस सरकार में नीचे से ऊपर तक लूट मची है। सरकार का मुखिया हो चाहे नीचे वाले, सब के सब लूटने में लगे हैं। श्रीमती राजे कोटा जिले के रामगंज मण्डी, सांगोद, कैथून, और रायपुरा चौराहे पर सुराज संकल्प यात्रा की सभाओं में बोल रही थी। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष गुलाबंचद कटारिया भी मौजूद थे।
जाति पूछकर लगाये जाते हैं मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारी
वसुन्धरा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में जमीन आसमान का अंतर है। कांग्रेस जाति धर्म को बांटकर राजनीति करती है, जबकि भाजपा सबको साथ लेकर आगे बढ़ती है। इस सरकार ने प्रदेश के अधिकारी को भी बांट दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारियों की नियुक्तियां भी जाति के हिसाब से होती है। प्रदेश में अधिकारी भी जाति पूछ कर ही लगाये जाते हैं। सच्चे अर्थाें में तो कांग्रेस ने पूरे प्रदेश को जातियों और मजहबों में बांट दिया है। हमारी सरकार के समय कभी ऐसा नहीं हुआ।
वापस हमारा प्रदेश गड्डे में चला गया
श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि गुजरात की जनता ने नरेन्द्र मोदी की तीन बार सरकार बनाई। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ में रमन सिंह की जनता ने दो-दो बार सरकार बनाई। लेकिन राजस्थान में 50 साल कांग्रेस का शासन रहने के बावजूद हमारा प्रदेश इन प्रदेशों के मुकाबले कैसे पीछे रह गया। यह सोचने का प्रश्न है। उन्हें जनता ने पांच साल का मौका दिया, जिसमें बीमारू प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाया। लेकिन कांग्रेस सरकार के आते ही वापस हमारा प्रदेश गड्डे में चला गया। जिसे वापस निकालने में हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे।
श्रीमती राजे ने कहा कि सरकार साढे चार साल जनता में जाने से कतराती रही, अब जब हमने यात्रा शुरू की तो सरकार ने भी संदेश यात्रा निकाल दी। मैं पूछना चाहती हूं वे अपनी इस यात्रा से जनता में क्या संदेश देगी। क्या ये कि कांग्रेस साढे चार साल कुछ नहीं कर पाई।
जनता चाहेगी तो ही टिकट
वसुन्धरा ने रामगंज मण्डी तहसील के गांव रावली में कार्यकर्ताओं को नारे लगाने पर आगाह कर दिया कि वे टिकट के लिए नहीं जनता के लिए भाग दौड़ करे। जनता चाहेगी तो ही उन्हें टिकट मिलेगा।
नेताओं की जान मत पेटी में-कटारिया
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। जिसने आजादी के बाद से लेकर आज तक देश को लूटा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से रावण की जान नाभी में थी, उसी तरह भ्रष्ट नेताओं की जान मतपेटी में होती है। इसलिये ऐ मुल्क मालिकों कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं को मत पेटी में पछ़ाड़ों। तभी जाकर देश और प्रदेश का भला होगा।