उदयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि लदाख क्षेत्र में भारतीय सीमा के अन्दर चीनी घुसपैठ को स्थानीय एवं अमहत्वपूर्ण विषय बताना देश का अपमान है। एक दुर्बल एवं कायर सरकार ही ऐसा वक्तव्य दे सकती है। यह घुसपैठ हमारी प्रभुसत्ता पर सीधा हमला है। किरण सावरकर स्मृति द्वारा भारत की सुरक्षा को चीनी खतरा विषय पर आयोजित परिचर्या को संबोधित कर रही थी।
किरण ने कहा कि चीन केवल शक्ति और सख्ती की भाषा समझता है। हमारे सेनाध्यक्ष कह रहे है कि वह सबसे बड़ा खतरा है। काग्रेंस नेतृत्व की इस गंभीर घटना पर चुप्पी एवं प्रधानमंत्री का इसे तुल नहीं देने का वक्तव्य कायरता की पराकाष्ठा है। भारतीय भुभाग से चीनी अतिक्रमण को हटाने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।
सावरकर स्मृति के अध्यक्ष डा.सत्यनारायण माहेश्वरी ने कहा कि उत्तराखण्ड एवं कश्मीर में चीनी सीमा पर सड़क एवं अन्य संरचनाओं की अनदेखी से भारतीय सेना की कठिनाइयॉं बढ़ रही है। चीन सीमा पर सड़कों, रेल मार्गाे एवं हवाई पट्टियों का जाल बिछा रहा है। उत्तराखण्ड में पर्यावरण संवेदित क्षेत्र के नाम पर सुरक्षा संरचना के कार्य बन्द हो गए है। यह एक गम्भीर खतरा है।
परिचर्चा में नरेन्द्र पोरवाल,चेतन लुणदिया, अनिल चतुर्वेदी, राजेश शर्मा, योगेश पोखरना एवं जगदीश देवपुरा ने भी विचार व्यक्त किए।