डीजीपी रिश्तेदार की हत्या, आम आदमी की कैसे हो सुरक्षा

VR Photo News 001-12062013रतनगढ़/ सरदारशहर/ चूरू। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि जिस शासन में पुलिस महानिदेशक के नजदीकी रिश्तेदार की ही बेरहमी से हत्या हो जाये तो उस राज में राजस्थान के लोगों की कैसे सुरक्षा होगी? श्रीमती राजे सुराज संकल्प यात्रा के दौरान चूरू जिले के रतनगढ़, गोगासर और सरदारशहर कस्बों में जनसभाओं को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के इस शासन में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। प्रदेश की राजधानी जयपुर चेन तोड़ने में देश में नम्बर वन है, तो बाकी प्रदेश का क्या हाल होगा? ये आप अंदाजा लगा सकते हैं। श्रीमती राजे ने महिला सुरक्षा के मामले में भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आडे हाथों लिया और कहा कि आज प्रदेश के ऐसे हालात हो गये हैं कि हमारी बच्चियां जब तक स्कूल और कॉलेज से घर वापस सुरक्षित लौटकर नहीं आ जाती दिल घबराता रहता है और चैन की सांस नहीं आती। जो सरकार माता और बहनों की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसे सरकार में बने रहने का कोई हक नहीं है। क्योंकि आज प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल बना हुआ है। बढ़ते अपराधों के चलते लोगों का जीना हराम है।
भ्रष्ट सरकार को कुर्सी पर बैठने का हक नहीं
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार जोरों पर है। इस सरकार ने प्रदेश को जमकर लूटा है। ऐसे भ्रष्टाचारियों को कुर्सी से बेदखल करने का समय आ गया है। सरकार की मुफ्त दवा योजना हो, या बीपीएल मुफ्त आवास योजना इन सबमें भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस के इस भ्रष्टाचार ने पूरे प्रदेश को तबाह कर दिया है।
पलायन कर रहे हैं लोग
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि रोजगार के अभाव में प्रदेश के बेरोजगार युवा दूसरे प्रदेशों में पलायन कर रहे हैं। कांग्रेस ने पिछले साढे चार साल में रोजगार के इंतजाम नहीं किये। इसलिये ऐसी स्थिति बनी। अब चुनाव आ गये हैं तो ये सरकार भर्तियों से लुभाने लगी। भर्तियां ही करनी थी तो साढे चार साल तक क्यों नहीं की?
कांग्रेस ने मजहबी झगड़ें करवाकर राजस्थान को गड्डे में डाला
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि कांग्रेस ने प्रदेश में मजहबी झगड़े करवाये और जातियों को लड़वाया। प्रदेश को सम्प्रदायों में बांटने की कोशिश की। आजादी से लेकर आज तक कांग्रेस यही करती आई। इसलिये हमारा राजस्थान तरक्की से दूर रहकर पिछड़ेपन के गड्डे में ही पड़ा रहा। जिसे अब आपके साथ मिलकर गड्डे से बाहर निकालेंगे और एक नया और विकसित राजस्थान बनायेंगे।
धमकायेंगे डरायेंगे
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि अब चुनाव आ गये हैं। इसलिये कांग्रेस सरकार के नुमाइंदें लोगों को डरायेंगे, धमकायेंगे और लुभायेंगे। किसी भी प्रकार से सत्ता में वापसी हो जाये इसके लिये कांग्रेस किसी भी हद तक जाने से नहीं चूकेगी। इसलिये इनसे न डरने की जरूरत है और न घबराने की।
पहली सरकार है जिसने स्कूल बंद किये
वसुन्धरा राजे ने कहा है कि अब तक तो सरकारें राज्य में स्कूलें खोलती आई है, लेकिन प्रदेश की यह पहली सरकार है जिसने उल्टा काम किया है। इस सरकार ने समानीकरण के नाम से प्रदेश की बहुत सारी स्कूलें बंद कर दी। श्रीमती राजे के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल, सुभाष महरिया, सचेतक राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश महामंत्री कालीचरण सराफ, सांसद रामसिंह कस्वा, अर्जुन मेघवाल, दुष्यंत सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. दिगम्बर सिंह, खेमाराम मेघवाल, विधायक राजकुमार रिणवा, अशोक पींचा सहित कई नेता मौजूद थे।
error: Content is protected !!