
जयपुर। पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह सिंघवी ने लोगों से उत्तराखंड में फंसे राजस्थान के हजारों श्रद्धालुओं की मदद के लिए अधिक से अधिक सहायता देने की अपील की है। गौरतलब है कि पार्टी ने त्रासदी से पीडि़त लोगों को राहत देने के लिए ज्यादा से ज्यादा से धन जुटाने का प्रदेशव्यापी अभियान चला रहा है। पार्टी ने सिंघवी को बारां जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर आपदा से पीडि़त लोगों की सहायता के लिए धनराशि एकत्रित कर रहे हैं।
सिंघवी ने बताया कि उत्तराखंड में प्रकृति ने भयंकर तबाही मचाई है। राजस्थान के भी हजारों लोग इससे प्रभावित हुए हैं। कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है और कई लापता हैं। इन लोगों की मदद के लिए भाजपा पूरी तरह से कृत संकल्पित है। पार्टी के विधायक और सांसद एक-एक महीने का वेतन देने की घोषणा कर चुके हैं और राहत कोष में ज्यादा से ज्यादा राशि एकत्रित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खुद सडक़ों पर उतरीं। लोगों ने उन्हें लाखों की राशि दान दी। सिंघवी ने कहा कि बारां जिले के बाशिंदों को भी मदद में पीछे नहीं रहना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा राशि दान कर प्रभावित लोगों की मदद करनी चाहिए।