हाईप्रोफाइल हुआ राजस्थान का चुनाव अभियान

VASUNDHARA_RAJ vs ashok gehlotजयपुर । राजस्थान विधानसभा चुनाव अभियान हाईप्रोफाईल होता जा रहा है। नवम्बर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही चुनाव अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा के स्टार प्रचारक और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 सितम्बर को जयपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित कर भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 11 सितम्बर को उदयपुर के सलुम्बर में आदिवासियों की बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। आदिवासी अंचल में रैली कर कांग्रेस जहां अपने परम्परागत वोट बैंक आदिवासियों को पार्टी से जोड़े रखने की कोशिश में है।

गुजरात से सटे आदिवासी अंचल में पिछले कुछ समय से नरेन्द्र मोदी का प्रभाव बढ़ रहा है, इसी कारण वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा का इस क्षेत्र में बड़ा जन समर्थन भी मिला। इससे चिंतित कांग्रेस मोदी की रैली के एक दिन बाद ही राहुल गांधी को अपने वोट बैंक को बांधे रखने के लिहाज से बुला रही है। वहीं भाजपा ने 10 सितम्बर से चुनाव अभियान की शुरूआत करने की घोषणा की है।

भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दावा है कि मोदी की रैली राज्य के इतिहास में अब तक की बड़ी रैली होगी। रैली में करीब चार लाख लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में नरेन्द्र मोदी का जबरदस्त क्रेज है और इस का फायदा विधानसभा चुनाव में मिलेगा।

भाजपा मोदी की छवि को पूरी तरह से भुनाने में जुटी है। राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में मोदी और वसुंधरा की तस्वीरों के होर्डिग्स लगाए गए है। हालांकि 10 सितम्बर की रैली को भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी संबोधित करेंगे, लेकिन उनकी तस्वीरों के होर्डिग्स कम ही नजर आ रहे है। वसुंधरा राजे का कहना है कि मोदी को प्रधानमंत्री बनने का रास्त राजस्थान विधानसभा चुनाव के साथ ही तय हो जाएगा।

जयपुर के साथ ही राज्य सभी क्षेत्रों में गुजरात सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के होर्डिग्स लगाते हुए यह वायदा किया गया है कि यदि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनती है तो यही जनहित की योजनाएं प्रदेश में भी लागू की जाएगी। मोदी के प्रति युवाओं में बढ़ते क्रेज को देखते हुए विभिन्न विश्व विद्यालय एवं महाविद्यालयों में भी सम्पर्क कर रैली में आने के लिए आमंत्रित किया गया है।

रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए वसुंधरा राजे के हस्ताक्षरों वाले पास दिए जा रहे है। वहीं रैली स्थल पर एक ब्लॉग अल्पसंख्यकों के लिए बनाया गया है, भाजपा का प्रयास है कि रैली में अल्पसंख्यक महिलाएं बुर्का पहनकर आए वहीं पुरुष सफेद टोपी लगा कर आए।

error: Content is protected !!