सरकार घोषणाओं में हीरो उपलब्धियों में जीरो-वसुन्धरा

vasundhara 10मनोहरथाना/ खानपुर/ झालावाड़। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि ये सरकार घोषणाओं में हीरो और उपलब्धियों में जीरो है। साढे चार साल तक तो यह सरकार सोई रही और अब जब चुनाव आ गये तो जनता को लुभाने और भ्रमित करने के लिए आयेदिन घोषणा दर घोषणा करने लगी, लेकिन इन घोषणाओं की क्रियान्विति धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रही। इसलिये जनता इस सरकार के भ्रम जाल में आने वाली नहीं है। श्रीमती राजे मनोहर थाना के कामखेड़ा और खानपुर के रूपारेल में आयोजित भाजपा के विधानसभा सम्मेलनों में बोल रही थी।
आर्थिक बदहाली के लिए कांग्रेस दोषी
वसुन्धरा ने कहा कि देश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। एक अन्तर्राष्ट्रीय सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 92 प्रतिशत भारतीय मानते हैं कि अर्थ व्यवस्था की दुर्दशा के लिए कांग्रेस की मनमोहन सरकार दोषी है। जनता के लिए सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी 80 प्रतिशत, महंगाई 79 प्रतिशत, अपराध 71 प्रतिशत और भ्रष्ट अधिकारी 70 प्रतिशत है।
मासूमों के साथ दुष्कर्म में प्रदेश नम्बर वन
राजे ने सीकर में एक साढे़ तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि इस सरकार में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुधमुही बच्चियों के साथ ही आयेदिन ज्यादती की घटनाएं हो रही है। ऐसे में इस सरकार से महिलाओं को अपनी सुरक्षा की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। आज राजस्थान मासूमों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं में देश में पहले स्थान पर आ गया है।
गरीबी से नहीं, गरीब से प्यार
वसुन्धरा ने कहा कि राहुल गांधी को गरीबों से नहीं गरीबी से प्यार है, जबकि हमें गरीबी से नहीं गरीबों से प्यार है। गरीबी हटाओ का नारा देकर 65 साल से जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस की नीतियों के कारण ही देश में गरीबी बढ़ी है। विश्व बैंक मानता है कि आज भी देश की 70 फीसदी आबादी गरीब है। यदि देश में कांग्रेस की ही सरकारे बनती रही तो गरीबी का आंकड़ा 100 प्रतिशत पर पहुंच जायेगा।
विकास का वीजन है राजे के पास-माया सिंह
राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश की वरिष्ठ नेता श्रीमती माया सिंह ने वसुन्धरा राजे को लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि उनके पास राजस्थान के विकास के लिए नया वीजन और नया मॉडल है। उन्होंने राजस्थान में विकास की नींव रखी है। इसलिये इस बार उनके नेतृत्व में ही भाजपा की सरकार बनेगी और उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा का मौका मिलेगा।
ये थे मौजूद-सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक अनिल जैन, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, वरिष्ठ नेता कृष्ण पाटीदार, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्याम सुन्दर शर्मा, पूर्व विधायक जगन्नाथ वर्मा।
error: Content is protected !!