नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को फिक्की में महिला उद्योगपतियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने राज्य में कांग्रेस द्वारा खोदे गए गड्ढों को भरने का काम किया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने माना कि हर व्यक्ति में कमियां होती है। इसकी जानकारी उसको खुद नहीं होगी, अन्य लोगों को होगी। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से सलाह भी मांगी।
महिला शक्ति पर बोलते हुए उन्होंने जहां गुजरात की जस्सू बेन के पिज्जा का जिक्र किया वहीं लिज्जत पापड़ का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि मौजूदा दौर में भी हर फाइव स्टार होटल में इस पापड़ को खाने के साथ सर्व किया जाता है। उन्होंने हर फैसले में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
मोदी ने महिला सशक्तिकरण की बात पर कहा कि पुरुषों की सोच में आज भी बदलाव नहीं आया है। आज भी महिला को परिवार में ही अलग थलग करके रखा जाता है। उन्होंने इस विचारधारा को बदलने पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि गुजरात में महिलाओं ने अपने दम पर छोटे छोटे रोजगार स्थापित किए हैं और सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार के निर्णय से आज वहां पर लाखों महिलाओं के पास अपने नाम पर संपत्ति है, दूसरे राज्यों में यह आंकड़ा न के बराबर है।
मोदी ने देश में हो रही कन्या भ्रूण हत्याओं के लिए मौजूदा समाज को दोषी माना। उन्हेांने कहा कि यह सभी सरकारों कि जिम्मेदारी है कि इस तरह की घटनाएं न हों। मोदी ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाना हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने मातृ शक्ति को आगे बढ़ाने पर भी अपील की। उन्होंने कहा कि जब अवसर मिला महिलाओं ने पुरुषों से आगे निकलकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो हमारे सपनों का भारत हमें मिल जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कन्या और लड़कों की संख्या में बढ़ रही असमानताओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।