विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे
अजमेर 29 सितम्बर। राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह मनाया जाएगा जिसमें प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुसार एक अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया जाएगा जिसमें सभी उपखण्ड व पंचायत समितियों में प्रातः 10 से सांयकाल 6 बजे तक पात्रा वृद्धजनों की पेंशन स्वीकृति जारी की जाएगी। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर वृद्ध व्यक्तियों की चिकित्सा व जांच कार्य होगा। वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह पुष्कर में वृद्ध व्यक्तियों का सम्मान समारोह आयोजित होगा।
2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 8 बजे गांधी भवन अजमेर एवं जिले की सभी नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की समस्याओं एवं छूआछूत उन्मुलन पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी, अनुसूचित जाति की बस्तियों में बिजली व पेयजल की सुविधाओं की उपलब्धता एवं तकनीकी खराबी का निवारण किया जाएगा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत छात्रावासों में विशेष सफाई अभियान होगा।
3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। प्रातः 11 बजे से केन्द्रीय कारागृह अजमेर में बन्दियों की समस्याओं एवं परीविक्षा अधिनियम पर विचार गोष्ठी होगी, बन्दियों की पारिवारिक भूमि एवं विवादों की जानकारी कर उनके निपटारे में सहयोग देने, व्यवसायीक प्रशिक्षण आयोजित करने पर चर्चा होगी।
4 अक्टूबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर कमजोर वर्ग की बस्तियों में चिकित्सा विभाग की सहायता से रोग निरोधक टीके लगाने व बच्चों के स्वास्थ्य प्रशिक्षण का काम किया जाएगा। नारी निकेतन अजमेर में निराश्रित बालकों के लिए फोस्टर केयर उपलब्ध कराए जाएंगे। दयानन्द बाल सदन अजमेर पर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच होगी तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर विशेष सफाई अभियान होगा।
5 अक्टूबर को महिला कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन नारी निकेतन अजमेर में महिलाओं की समस्याओं पर विचार गोष्ठी के साथ-साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रारम्भ करने पर विचार होगा। चिन्हित आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भामाशाह योजना के तहत महिलाओं के बैंक खाते खुलवाए जाएंगे तथा बेटी बचाओ एवं बेटी पढ़ाओ के तहत कार्यक्रम आयोजित होंगे।
6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस मनाया जाएगा। इस दिन नारीशाला भवन में सामाजिक कुरीतियों के निवारण पर विचार गोष्ठी, छुड़ाए गए बन्धुआ मजदूरों के पुर्नवास हेतु शिविर आयोजित कर ऋण स्वीकृत करने का काम श्रम विभाग द्वारा किया जाएगा। महिला एवं बाल विचकास विभाग द्वारा नशामुक्ति कार्यक्रम पर गोष्ठी एवं सामाजिक कुरितियों के विरूद्ध जन चेतना जाग्रत करने का कार्यक्रम चलाया जाएगा।
7 अक्टूबर को समाज कल्याण सप्ताह का समापन विशेष योग्यजन कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन प्रातः 10 से सांयकाल तक महिला कल्याण मण्डल चाचियावास द्वारा विशेष योग्यजन को कृत्रिम अंग व उपकरण की सहायता दी जाएगी व खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होगी। कलेक्ट्रेट परिसर में निशक्त व्यक्तियों को स्व रोजगार हेतु ऋण स्वीकृत करने व विशेष योग्यजन की पेंशन स्वीकृति के कार्य किए जाएंगे।