ब्यावर, 10 मई। संत शिवम कृष्ण महाराज ने कहा कि जिस देश में गायों की सेवा के लिए परमात्मा स्वयं गोपाल बनकर आए, आज उस देश में गायों की दुर्दशा निंदनीय है। महाराज ने व्यासपीठ से गौ मांस निर्यात पर रोक लगाने की मांग भी की। वे मंगलवार को रिको हाउसिंग कॉलोनी में लक्ष्मीचंद भंसाली परिवार की ओर से आयोजित शिव महापुराण कथा में प्रवचन दे रहे थे।
संत ने कहा कि मनुष्य गाय को मां कहकर तो पुकार रहा है मगर गौ माता का पालन नहीं कर रहा है। पुरातन में पूजनीय गाय आज दयनीय हो गई है। गाय की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। गाय की सेवा 33 करोड़ देवों की सेवा-पूजा का लाभ मिलता है। प्रत्येक मनुष्य पंचगव्य से बनी वस्तुओं का ही उपयोग करे। उन्होंने कहा कि कलयुग के बढ़ते प्रभाव में धर्म के प्रति आस्था रखना बेहद जरूरी है। सनातन धर्म से जुड़ा हर मनुष्य धार्मिक आयोजनों में भागीदार बने। कथा में भगवान विष्णु व ब्रह्मा के संवाद का प्रसंग सुनाते हुए भगवान शिव का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। गायक राकेश भंडारी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भोले बाबा को मनाने आए हैं.., म्हारा सांवरिया गिरधारी.., मीठे रस से भरयोड़ी राधारानी.. जैसे भजनों पर श्रोता झूम उठे। इससे पूर्व लक्ष्मीचंद भंसाली, भंवरलाल मेहता, राकेश भंडारी, सुमित सारस्वत, महेश वैष्णव, नरसी चावड़ा, अर्पित भंसाली, अभिषेक दाधीच, गिरीराज डागा ने कथावाचक का स्वागत कर आशीर्वाद लिया। बुधवार को कथा में भगवान शिव-पार्वती विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कथा में सरस्वती शर्मा, कांता बंसल, शिल्पा जोशी, सुशीला बाफणा, सीमा दाधीच, चंद्रकला बंब, कैलाश माली, सोहन अग्रवाल, एससी कोठारी सहित कई श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया।
